शैख़ ज़कज़की की शारीरिक स्थिति फिर चिंताजनक

नाइजीरिया के इस्लामी आंदोलन के नेता शैख़ ज़कज़की के कार्यालय ने एक ट्वीट करके उनकी शारीरिक स्थिति को चिंताजनक बताया है।
शैख़ इब्राहीम ज़कज़की के कार्यालय ने कहा है कि इस्लामी आंदोलन के नेता से मुलाक़ात करने वालों से जो सूचनाएं मिली हैं उनके अनुसार उनका स्वास्थ्य अत्यधिक चिंताजनक हो गया है। कार्यालय ने कहा है कि जेल के अधिकारी अब भी उन्हें चिकित्सा सुविधाएं नहीं दे रहे हैं। ज्ञात रहे कि नाइजीरिया के इस्लामी आंदोलन के नेता शैख़ ज़कज़की और उनकी पत्नी को इस देश की सेना ने 13 दिसम्बर 2015 में ज़ारिया शहर के एक इमामबाड़े पर हमला करके गिरफ़्तार कर लिया था। इस हमले में शैख़ ज़कज़की के तीन बेटों समेत सैकड़ों लोग शहीद हो गए थे।

नाइजीरिया में होने वाले निरंतर प्रदर्शनों और अंतर्राष्ट्रीय दबाव के बाद नाइजीरिया की एक अदालत ने अगस्त 2019 में शैख़ ज़कज़की व उनकी पत्नी को इलाज के लिए भारत जाने की अनुमति दी थी लेकिन उपचार की प्रक्रिया, सुरक्षा संबंधी सीमतताओं और विश्वस्त डाॅक्टरों के अभाव से अप्रसन्नता के कारण नाइजीरिया के इस्लामी आंदोलन के नेता शैख़ ज़कज़की व उनकी पत्नी दो दिन भारत में रहने के बाद वापस नाइजीरिया लौट गए थे। स्वदेश वापसी के बाद अबूजा हवाई अड्डे पर ही नाइजीरिया के सुरक्षा बलों ने दोनों को गिरफ़्तार करके अज्ञात स्थान पर पहुंचा दिया।

Don`t copy text!