बाराबंकी। मनुष्य में ईश्वर का दर्शन करना हो तो आप एक बार जिला मुख्यालय से 6 किमी दूर रेट नदी के तट पर स्थित श्री राम वन कुटीर आश्रम अवश्य जायें। देश में निस्वार्थ सेवा का इतना बड़ा केन्द्र आपको देखने को नहीं मिलेगा। यहाँ पर सभी जाति धर्म के गरीब लोगों का निशुल्क आपरेशन शिविर चल रहा है। श्री राम वन कुटीर आश्रम में देश-विदेश के सुप्रसिद्ध डाक्टर व नर्सिंग टीम अपनी निस्वार्थ सेवा दे रहे हैं। कैलिफोर्निया (अमेरिका) से पधारे डाक्टर जेफरी विश्व के जाने-माने कार्निया स्पेशलिस्ट हैं। जब देश में कार्निया के 100 आपरेशन एकत्र हो जाते हैं तब वो इण्डिया आते हैं। उनके द्वारा एक आपरेशन का बाजार मूल्य डेढ़ लाख रूपये है। लेकिन इस आश्रम में वो अपनी निशुल्क सेवायें देने आये हैं। आश्रम के सेवादार मनीष मेहरोत्रा ने बताया कि आज तक 400 नेत्र के सफल आपरेशन डाॅ0 जैकब प्रभाकर व उनकी टीम ने कर दिये हैं। मकर संक्रान्ति के अवसर पर 200 मरीजों को खिचड़ी खिलाकर ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वामी रामज्ञान दास महाराज ने विदाई दी। कोलकाता बड़ा बाजार के प्रसिद्ध कपड़ा व्यवसायी राम किशन राठी जी अपने मित्रों बजरंग लाल मालानी, प्रयागदास मुदढ़ा के साथ आश्रम में पहुँचकर मरीजों को नये कपड़ों के साथ विदाई कर रहे हैं। चालीस वर्षों से आश्रम में भण्डार की व्यवस्था देख रहे शंकर लाल सोमानी अपनी टीम के साथ पहुँचकर मरीजों, तिमारदारों, डाक्टरों के भोजन के प्रबन्ध को संभाल लिया है। गुड़गांव से 15 वर्षों से आ रहे महेन्द्र सिंह, अवधेश सोनी भी अपनी टीम के साथ मरीजों की सेवा में लगे हुए हैं। आश्रम के द्वारा संचालित कैण्टीन भी रावतसर राजस्थान के राजन जी के द्वारा शुरू कर दी गयी है। सगीर अमान उल्लाह जिला ब्यूरो बाराबंकी
Related Posts