मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास का पुलिस ने शुरू किया ‘हिसाब-किताब’, अखिलेश के नाम पर अफसरों को धमकी मामले में कसा शिकंजा

समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ 9889789714

अखिलेश यादव के नाम पर अधिकारियों को धमकी देने के मामले में मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। चुनाव से ठीक पहले अब्बास ने एक जनसभा में कहा था कि सपा सरकार बनने पर पहले अधिकारियों का ‘हिसाब किताब’ होगा। उसी बयान को आधार बनाते हुए अब्बास पर एफआईआर दर्ज की गई थी। उनके चुनाव प्रचार पर भी आयोग ने रोक लगा दी थी। अब अब्बास के खिलाफ दर्ज मुकदमें में कई धाराएं बढ़ा दी गई हैं।

मुख्तार अंसारी की परंपरागत सीट मऊ सदर से इस बार सपा गठबंधन की सहयोगी सुभासपा ने अब्बास अंसारी को मैदान में उतारा था। चुनाव प्रचार के दौरान अब्बास ने अखिलेश यादव का नाम लेकर कहा था कि भैया से बात हो गई है। सपा की सरकार बनने पर यहां के अधिकारियों का छह महीने तक ट्रांसफर नहीं होगा। पहले सभी का हिसाब-किताब होगा।

अब्बास का बयान तेजी से वायरल हुआ तो उनके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। चुनाव आयोग ने भी अब्बास के बयान को गंभीर माना और उनके प्रचार करने पर रोक लगा दी थी। अब्बास अंसारी मऊ सदर से भले ही जीत कर विधायक बन गए हैं लेकिन भाजपा की प्रचंड जीत के साथ ही पुलिस ने उन पर शिकंजा भी कसना शुरू कर दिया है। हिसाब किताब वाले बयान के बाद अब्बास अंसारी पर आचार संहिता उल्लंघन की धाराओं में केस दर्ज किया गया था।

उसी केस में अब्बास के खिलाफ धारा 186 (सरकारी काम में बाधा डालना) धारा 189 (लोकसेवक को धमकी), धारा 153A (किसी वर्ग विशेष के खिलाफ बयान या अशांति का प्रयास) और धारा 120B (आपराधिक षड्यंत्र) बढ़ा दी गई है। नई धाराएं जोड़ने के सवाल पर मऊ कोतवाली के इंस्पेक्टर का कहना है कि अब्बास के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन में पहले मुकदमा दर्ज हुआ था। जांच में अन्य बातें सामने आईं तो धाराएं बढ़ाई गई हैं। हालांकि उनका कहना है कि केस दर्ज होने के अगले ही दिन धाराएं बढ़ा दी गई थीं।

समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ 9889789714

Don`t copy text!