बदायूं में फुटपाथ से हटाया गया अवैध अतिक्रमण। फुटपाथ पर कब्जा से नाला सफाई में हो रही दिक्कत, चेयरमैन बोलीं दोबारा अतिक्रमण पर एफआईआर होगी
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984
बदायूं। गलियों में पालिका का बुलडोजर दाखिल हो गया। उन इलाकों में अतिक्रमण हटाया गया, जहां नालों की सफाई में दिक्कत आ रही थी। ऐसे में अतिक्रमणकारियों के चेहरे की रंगत उड़ी रही। माना जा रहा है कि अब इन इलाकों में जलभराव की समस्या आने वाले दिनों में खत्म हो जाएगी। शहर के गढ़ैया शहबाजपुर, आर्य समाज, सुभाष चौक, कूंचा पांडा, चौबे मोहल्ला ऐसे इलाके हैं, इनमें अक्सर नाले चोक हो जाते हैं और बिन बारिश जलभराव की स्थिति बन जाती है। नाले चोक होने की सबसे बड़ी वजह यहां किया गया अतिक्रमण था। तमाम लोगों ने अपने चबूतरे बनाकर नाले पाट दिए थे। नतीजतन वहां सफाई नहीं हो पाती थी।
दोपहर बाद नगर पालिका चेयरमैन दीपमाला गोयल समेत पालिका की टीम बुलडोजर लेकर इस इलाके में दाखिल हो गए और सफाईनायक द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर चबूतरे तोड़ना शुरू कर दिए गए। ऐसे में पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल रहा। हालांकि अब जिम्मेदारों का कहना है कि इन इलाकों में नियमित सफाई के बाद जलभराव की स्थिति नहीं बनेगी। अभियान के दौरान आर्य समाज रोड पर रूट डायवर्ड कर दिया गया। नतीजतन लोग गलियों के रास्ते गंतव्य को पहुंचे। हालांकि अतिक्रमण खत्म होने से लोगों ने काफी हद तक राहत की सांस ली है, क्योंकि अब पैदल राहगीरों समेत वाहन चालकों को नाले के ओवरफ्लो के कारण सड़क पर होने वाले जलभराव से होते हुए नहीं गुजरना पड़ेगा। चेयरमैन ने बताया कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

