दहेज में कार मांगने पर घरातियों और बरातियों में मारपीट, दूल्हा हिरासत में
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984
बदायूँ। सैदपुर कस्बे में बुधवार रात एक शादी के दौरान घरातियों और बरातियों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें छह लोग घायल हो गए। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हे की मां दहेज में कार मांग रही थी। इस पर पुलिस ने दूल्हे और उसके जीजा को हिरासत में ले लिया। दूसरे दिन शाम तक दुल्हन विदा नहीं हुई। दोनों पक्षों में फैसले की बात चल रही है।
बुधवार रात कस्बे के एक मोहल्ले में बरात आई थी। बताते हैं कि रात 12 बजे निकाह के बाद जब रिश्तेदार दावत खा रहे थे। इसी दौरान विवाद शुरू हुआ। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हे की मां ने कहा कि उनके बेटों की शादी में कार मिली है। लड़की वालों को इस बेटे की शादी में भी कार देनी चाहिए। दुल्हन के परिवार वालों ने इसका विरोध किया। उन्होंने कह दिया कि कार देने की उनकी हैसियत नहीं है। इस पर दूल्हे के कुछ रिश्तेदारों ने कह दिया कि अगर कार नहीं मिली तो दुल्हन को घर से निकाल देंगे। इसी बात पर दुल्हन पक्ष भड़क गया और विवाद शुरू हो गया। दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर आ गए। उन्होंने खूब मारपीट की। इसमें दुल्हन पक्ष के तीन लोगों के अलावा दूल्हा, उसके जीजा को चोटें आईं। विवाद के बाद पहुंची पुलिस दूल्हे और उसके जीजा को थाने ले गई। दूसरे दिन शाम तक दोनों पक्षों के बीच फैसले की बात चलती रही लेकिन किसी ने तहरीर नहीं दी।
—–
रात सैदपुर कस्बे में एक शादी के दौरान मारपीट हुई है। दुल्हन पक्ष के लोगों ने दहेज में कार मांगने का आरोप लगाया है। अभी इसमें किसी ने तहरीर नहीं दी है। अगर तहरीर आती है तो कार्रवाई कराई जाएगी।
– शक्ति सिंह, सीओ बिसौली
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

