उघैती में धरना दे रहे किसान हुए उग्र। चक्का जाम की आशंका पर सक्रिय हुई पुलिस, आश्वासन पर माने। एसडीओ को बंधक बनाने की कोशिश।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984
बदायूँ। बिल्सी में बिजली संकट से परेशान भाकियू के धरने में सैकड़ों किसानों की भीड़ जमा हो गई। रोड जाम की आशंका के बाद पुलिस की टीम भी सक्रिय हो गई। एसडीएम और सीओ के आश्वासन के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत हुआ। छह जून तक समस्या का समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है। कस्बे सहित देहात इलाके में बिजली की सप्लाई का बुरा हाल है। लोगों को मुश्किल से चार से छह घंटे की बिजली सप्लाई मिल पा रही है। किसानों की फसलें सूख रही हैं। लघु उद्योग धंधे में पूरी तरह चौपट हो गए हैं। हालातों को खराब देखकर पिछले 11 दिन से भाकियू कार्यकर्ता बिजलीघर परिसर पर धरना प्रदर्शन दे रहे हैं। 11वें दिन भाकियू ने दोपहर दो बजे के बाद बदायूं बिजनौर स्टेट हाईवे पर जाम लगाने की चेतावनी दे दी थी। इसके अलावा किसानों की भारी भीड़ जमा होने के बाद पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। एसडीएम बिल्सी प्रवर्धन शर्मा और सीओ बिल्सी बलदेव सिंह किसानों को समझाने पहुंचे। इस दौरान वरिष्ठ नेता और भारतीय किसान यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष चौधरी सौदान सिंह और झांझन सिंह से अधिकारियों की काफी नोकझोंक हुई। अफसरों ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही 24 घंटे बिजली सप्लाई बिजली घर को मिलना शुरू हो जाएगी। किसान नेताओं ने कहा कि सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा। अगर आगामी छह जून तक बिजलीघर को 24 घंटे सप्लाई नहीं मिली तो आंदोलन को उग्र रूप दे दिया जाएगा।
एसडीओ को बंधक बनाने की कोशिश

इस दौरान जिला प्रवक्ता नरेंद्र कुमार सक्सेना, बिल्सी तहसील अध्यक्ष रईस अहमद खान, बाबू खान, दिलशाद हुसैन, हरचरण लाल वर्मा, चौधरी सुरेंद्र सिंह, राम रईस यादव, रोशन सिंह, शिवराज सिंह सहित तमाम किसान नेता मौजूद रहे। भाकियू नेताओं और किसानों के आक्रोश को देखकर बिजली महकमे के अफसरों और प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। किसान नेताओं ने एसडीओ राजेंद्र सिंह को बंधक बनाने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस प्रशासन के प्रयास के बाद आक्रोशित किसान मानें। जेई राजेश सागर ने बताया कि जल्द व्यवस्था में सुधार कर दिया जाएगा।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

