लोहा व्यापारी की फर्म पर एसआईबी का छापा, टैक्स चोरी की आशंका।

बदायूं। टैक्स चोरी की आशंका में शुक्रवार को जीएसटी की विशेष अन्वेषण शाखा (एसआईबी) की टीम ने शहर में भगवान परशुराम चौक के पास स्थित श्री जी आयरन ट्रेडर्स पर छापा मारा। टीम दिन में करीब दो बजे पुलिस बल के साथ यहां पहुंची। रात तक लोहा व्यापारी के प्रतिष्ठान और गोदाम में पड़ताल जारी थी। फिलहाल अधिकारी कार्रवाई के बाद ही कुछ बताने की बात कह रहे हैं।

व्यापारी मनीष जैन की भगवान परशुराम चौक के पास श्री जी आयरन ट्रेडर्स नाम से फर्म है। फर्म रोजाना लाखों रुपये का व्यापार करती है। यहां लोहे की सरिया, एंगल, टिन, गर्डर आदि बिकते हैं। पिछले कुछ समय से जीएसटी एसआईबी की फर्म पर नजर थी। वाणिज्य कर विभाग से जुड़े सूत्र बताते हैं कि फर्म में टैक्स चोरी की आशंका थी। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे ट्रेड टैक्स के डिप्टी कमिश्नर के नेतृत्व में बरेली से मंडल स्तरीय जीएसटी एसआईबी टीम यहां पहुंची। अधिकारियों ने फर्म में दाखिल होने के साथ ही रजिस्टर, कैश मीमो ओर इनवॉयस समेत अन्य कागजात कब्जे में लेने के साथ स्टॉक की पड़ताल शुरू कर दी। रात तक अधिकारी यहां जांच-पड़ताल में जुटे रहे। इस दौरान खरीद-फरोख्त के मिलान के साथ स्टॉक का मिलान भी किया गया। मई में फर्म की ओर से खरीदे और बेचे गए लोहे के बारे में भी जानकारी जुटाई गई। अब तक टैक्स चोरी का मामला पकड़ में आया है या नहीं इस बारे में फिलहाल अधिकारी कुछ बताने से बच रहे हैं। रात तक अधिकारी यहीं डटे थे। इधर, इस संबंध में फर्म के मालिक मनीष जैन ने यह कहते हुए कुछ भी बताने से इनकार कर दिया कि अभी कार्रवाई चल रही है। टीम यहां पर है, उसके जाने के बाद ही वह कुछ बता पाएंगे।

कार्रवाई एसआईबी की मंडल स्तरीय टीम ने की है। स्थानीय स्तर पर इस तरह की कार्रवाई की सूचना नहीं दी जाती है। मामला टैक्स चोरी का है या कुछ और इस बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता। आमतौर पर एसआईबी टीम टैक्स चोरी के मामलों में ही इस तरह की कार्रवाई करती है।
-एएल सिंह, डिप्टी कमिश्नर वाणिज्यकर

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

Don`t copy text!