निःशुल्क त्रैमासिक योग प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489
बाराबंकी एसएम न्यूज़। वीणा सुधाकर महाविद्यालय मसौली केंद्र पर उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ द्वारा संचालित निःशुल्क त्रैमासिक योग प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया गया। जिसकी अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ बलराम वर्मा ने की। इस कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक जन्मेजय पार्थ ने बताया कि यह प्रशिक्षण पूर्णतया निःशुल्क रहेगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। उद्घाटन सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राजकुमार सोनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र निर्माण में योग की भूमिका व स्वामी विवेकानंद के योग दर्शन की चर्चा करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि सच्चा योगी वही है जो राष्ट्र निर्माण कर सकें। विशिष्ट अतिथि अंजनी कुमार दुबे ने योग के विषय के सैद्धांतिक व व्यवहारिक पक्ष को पाठ्यक्रम में किस प्रकार जोड़ा जाए कि वर्तमान परिवेश की जीवन शैली में परिवर्तन कर समग्र स्वास्थ्य को पुरातन शिक्षा योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक, अध्यात्मिक व सामाजिक स्तर को बढ़ाया जा सके। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा व प्रशिक्षण संस्थान गणेशपुर के प्रवक्ता महेंद्र कुमार यादव ने बताया कि शारीरिक शिक्षा और योग के माध्यम से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा व क्रांति लाई जा सकती है। उन्होंने महर्षि पतंजलि के अष्टांग योग पर अपने विचार व्यक्त किए। नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा और ध्यान समाधि का विस्तृत विश्लेषण किया। समाजसेवी शाइस्ता अख्तर ने बताया कि योग हमारी प्राचीन विद्या है। इसके नियमित अभ्यास द्वारा स्वस्थ रहा जा सकता है। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान द्वारा चयनित प्रशिक्षक जन्मेजय ने सभी अतिथियों व विद्यार्थियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सभी शिक्षक, कर्मचारी व जनमानस उपस्थित रहे।
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489

