यमन की सशस्त्र सेना के प्रवक्ता यहिया सरी ने नेहम के मोर्चे पर अलबुनियानुल मरसूस नामक आप्रेशन के दौरान 2500 किलोमीटर के क्षेत्र की स्वतंत्रता की घोषणा करते हुए कहा है कि यमनी सेना ने सऊदी अरब के जाज़ान क्षेत्र में स्थित अराम्को तेल प्रतिष्ठान को निशाना बनाया है।
अलमसीरा टीवी की रिपोर्ट के अनुसार यमनी सेना के प्रवक्ता का कहना था कि यमनी सेना और स्वयं सेवी बलों ने सनआ पर क़ब्ज़े की दुश्मनों की एक बड़ी साज़िश को विफल बना दिया।
यमनी सेना के प्रवक्ता यहिया सरी ने एक प्रेस कांफ़्रेंस में कहा कि यमनी सेना ने नेहम के मोर्चे पर दुश्मनों की एक बड़ी योजना को विफल बना दिया और दुश्मनों को भारी जानी व माली नुक़सान पहुंचाया।
उनका कहना था कि हमारी सशस्त्र सेना ने दुश्मनों की सेना को पूर्णतः तबाह करने के बाद मआरिब शहर की ओर प्रगति का क्रम जारी रखा और मआरिब तथा अलजौफ़ प्रांत के कई शहरों को स्वतंत्र करा लिया।
उनका कहना था कि इस आप्रेशन के दौरान दुश्मन की सेना के हज़ारों सैनिक मारे गये, घायल हुए और बंदी बनाए गये जबकि सऊदी गठबंधन की 17 बटालियन और 20 ब्रिगेड पूरी तरह तबाह हो गयीं।
यमन की सशस्त्र सेना के प्रवक्ता का कहना है कि कई मीज़ाइलों और ड्रोन विमानों से जाज़ान में अराम्को तेल प्रतिष्ठान, अबहा हवाई अड्डे, खमीस मशीत छावनी और सऊदी अरब के भीतर कई संवेदनशील प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया।
Related Posts

