सुखवीर की हत्या को लेकर आक्रोशित ग्रामिणों ने 6 अगस्त को पुलिस टीम पर पथराव कर एसओ व सिपाही को मारपीट कर किया था घायल। 24 जुलाई को ही की गई थी सुखवीर की हत्या।
बदायूं। पेंपल गांव के सुखवीर की 24 जुलाई की रात में ही हत्या कर दी गई थी। उसकी हत्या कैसे की गई। इस पर थाना पुलिस कुछ बोलने को तैयार नहीं है लेकिन इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दो नामजद भाग गए हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीम लगा दी गई है। पकड़े गए चारों आरोपी को जेल भेज दिया गया है। साथ ही मामला साजिश के तहत हत्या में दर्ज कर लिया गया है।
शनिवार सुबह ग्राम पेंपल निवासी 20 वर्षीय सुखवीर का क्षत विक्षत शव बाग में पड़ा मिला था। इस पर परिवार वालों और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया था। इसमें एसओ प्रकाश सिंह और सिपाही पुष्पेंद्र घायल हुआ था। उनका कहना था कि सुखवीर 24 जुलाई को खेत पर गया था। तब से उसका कुछ पता नहीं चल रहा था जबकि पुलिस लगातार उसकी दिल्ली में लोकेशन मिलने का आश्वासन दे रही थी। पुलिस परिवार वालों और अधिकारियों को भी गुमराह किया जा रहा था। शनिवार को क्षत विक्षत शव मिलने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। इसमें एसओ और सिपाही जख्मी हो गए थे। बाद में पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जैसे-तैसे ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया था। तब युवक का शव पोस्टमार्टम को भेजा गया था। रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। शाम को परिवार वालों ने उसका गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया। इधर, थाना पुलिस ने युवक के अपहरण का मामला साजिश के तहत हत्या करने के आरोप में दर्ज कर लिया है।
युवक के भाई सुनील ने रामपाल, कोमिल पुत्रगण लटूरी, कल्लू उर्फ कल्यान और सुधा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। थाना पुलिस ने दो भाइयों रामपाल और कोमिल को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा पेंपल गांव के सौरभ पुत्र नरेश और अखिलेश पुत्र किशन पाल के नाम भी प्रकाश में आए हैं। उन्हें भी गिरफ्तार किया गया। दोपहर बाद पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने हत्या करना कबूल किया है। उन्होंने स्वीकार किया है कि है कि युवक की 24 जुलाई की रात ही हत्या कर दी गई लेकिन उन्होंने हत्या कैसे की। इस पर पुलिस कुछ बताने को तैयार नहीं है।
पेंपल गांव के युवक की हत्या में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसमें दो आरोपी पकड़े नहीं गए हैं। उनकी तलाश को टीम लगा दी गई। आरोपियों ने बताया है कि उन्होंने गला दबाकर हत्या की थी। इसकी विवेचना शुरू कर दी गई है। इसमें जो सच्चाई निकलकर सामने आएगी। उसके अनुसार चार्जशीट लगाई जाएगी।
– सिद्धार्थ वर्मा, एसपी देहात
मुकीम अहमद अंसारी, जिला ब्यूरो चीफ, बदायूं 971

