मामा के संग निकले घूमने निकले भांजो की मिली लाष मामा लापता, पुलिस तलाष में जुटी एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489
जैदपुर, बाराबंकी। थाना सतरिख अन्तर्गत बुधवार दोपहर शारदा सहायक नहर से निकली नवाबगंज रजबहा में दो सगे मासूम भाईयों की लाश ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने बरामद की। मृतक बच्चों के पिता ने दो दिन पूर्व ही अपने साले के ऊपर बच्चों को अपहरण करने का मुकदमा पंजीकृत कराया था। मासूमों की लाश मिलने के बाद परिजनों ने मृतक बच्चों के मामा के ऊपर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। सतरिख थाना प्रभारी ने लाशों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद यह जानकारी दी है कि मुकदमा पंजीकृत है विधिक कार्यवाही की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली देवा क्षेत्र के ग्राम बसारा निवासी रामकिशोर गौतम पुत्र जोधे अपनी पत्नी और दो बेटे क्रमशः 7 वर्षीय कृष्णा और 5 वर्षीय दिव्यांश के साथ में रहता था। पिछले दो माह से रामकिशोर के साथ में उसका साला कोतवाली फतेहपुर के ग्राम खेवली निवासी महेन्द्र कुमार पुत्र अशोक कुमार भी रह रहा था। बीती 8 अगस्त की शाम को जब रामकिशोर किसी काम से बाहर गया था तो महेन्द्र ने अपने दोनो भांजो कृष्णा और दिव्यांश को साथ में लेकर घर से निकला और अपनी बहन विनीता को यह बताया कि वह इसरौली बाजार बच्चों को घुमाने के लिये ले जा रहा है। जब काफी देर रात तक महेन्द्र घर वापस नही लौटा तो रामकिशोर ने अपने दोनो बेटों और महेन्द्र की तलाश शुरु की। महेन्द्र का मोबाइल स्विच ऑफ जा रहा था। दूसरे दिन सुबह महेन्द्र की तलाश में रामकिशोर और उनके घर के अन्य सदस्य निकले लेकिन जब कहीं पर भी कुछ पता नही चला तो आखिरकार थक हार करके रामकिशोर ने कोतवाली फतेहपुर में जाकर अपने दोनो बेटों की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज करवाया और अपने साले महेन्द्र को इसमे आरोपी बनाया। कोतवाली प्रभारी फतेहपुर अनिल कुमार पाण्डेय ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी थी। बुधवार दोपहर लगभग 1 बजे थाना सतरिख क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर के पास निकली नवाबगंज रजबहा की नहर की पुलिया पर जानवर चरा रहे ग्रामीणों ने एक मासूम बालक की लाश बहती हुई देखी तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना पहले ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान ने सतरिख थाना प्रभारी को घटना की जानकारी दी। भगवानपुर से डेढ़ किलोमीटर आगे ग्राम मोहाना झाल के पास ग्रामीणों ने एक और मासूम बालक की लाश को बहते हुए देखा तो इसकी सूचना भी ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को दी। नहर में एक साथ दो मासूमों की लाश को देखकर पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया। आस पड़ोस गांव के सैकड़ो ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये। थाना प्रभारी सतरिख ने लाशों को शिनाख्त के लिए ग्रामीणों को दिखाया तो वहीं पर मौजूद ग्राम करौंदी खुर्द निवासी सुब्बा गौतम ने दोनो मासूमों की लाश देखकर उनकी शिनाख्त की और यह बताया कि यह दोनो मासूम ग्राम बसारा निवासी रामकिशोर गौतम के पुत्र है। इतनी जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी ने तत्काल मृतक के परिजनों को सूचना दी और लाशों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक बच्चों की मां और पिता ने कपड़े देखकर रोने और चीखने चिल्लाने लगे। मृतक बच्चों की मां का कहना था कि मेरे सगे भाई ने मेरे बेटों की हत्या कर लाश को नहर में फेंक दिया है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। घटना के बारे में पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स का कहना था कि मृतक बच्चों के पिता ने अपने बेटो की गुमशुदगी की सूचना कोतवाली फतेहपुर में दर्ज करा दी थी जिसमें उसने अपने साले पर आरोप लगाया था। उन्होने यह भी बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह पता चलेगा कि मासूमों की मौत कैसे हुई है। पूरे मामले में विधिक कार्यवाही की जा रही है।
कलयुगी मामा ने आखिर क्यों उठाया यह कदम ?
बाराबंकी। थाना सतरिख क्षेत्र के नवाबगंज रजबहा में सगे मासूम भाईयों की लाशे मिली तो इस पर मृतक बच्चों के मामा के ऊपर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। आखिर कलयुगी मामा महेन्द्र प्रताप ने यह कदम क्यों उठाया और आखिर किस वजह से उसने यह कदम उठाया। इस बारे में न तो मृतक बच्चों के परिजन कुछ बता पा रहा है और न ही इस सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने कोई ठोस जानकारी दी है। पुलिस अधीक्षक का यह भी कहना है कि घटना के सम्बन्ध में मामा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज है विधिक कार्यवाही की जा रही है।
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489

