पहले कॉल करके बुलाया फिर कर दी युवक की हत्या, ईंट भट्‌ठे के परिसर में मिला शव, परिजनों मे मचा हाहकार,

मुकीम अहमद अंसारी, जिला ब्यूरो चीफ 9719216984

बदायूं। युवक की किसी अज्ञात ने गला दबाकर हत्या कर दी। इसके लिए उसके मोबाइल पर कॉल करके बुधवार देर शाम बुलाया गया था। शव से कुछ दूरी पर उसकी बाइक सकुशल मिली है। शाम को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। इधर, पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर घटना का मुकदमा लिखा जाएगा। हत्या की वारदात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शेखूपुर से कादरचौक की ओर जाने वाले रोड पर स्थित ईंट भट्‌ठे के पास हुई। उझानी कोतवाली इलाके के धमेई गांव में रहने वाले रामरहीस के बेटे हरवीर (22) को बुधवार शाम किसी ने मोबाइल पर कॉल की थी। इसके बाद वह परिजनों को यह बताकर निकला कि शेखूपुर गांव स्थित चीनी मिल तक जा रहा है। रात तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को लगा कि वह किसी दोस्त के यहां ठहर गया होगा।


गुरुवार सुबह गांव वालों को भट्‌ठा परिसर में शव मिला तो पुलिस मौके पर जा पहुंची। जांच के बाद पुलिस ने धमेई गांव के यादराम नाम के शख्स को कॉल की और पूरा मामला बताया। यादराम की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त हरवीर के रूप में की। बताया जाता है कि उसके गले में फंदे का निशान था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। हालांकि किसी से रंजिश की बात से फिलहाल परिवार वालों ने इंकार किया है।
प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों की तहरीर का इंतजार है। मामले की जांच जारी है। परिजन जो भी तहरीर देंगे, उसी आधार पर आगे की तफ्तीश की जाएगी। हालांकि अपने स्तर से कई अहम बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं।

मुकीम अहमद अंसारी, जिला ब्यूरो चीफ 9719216984

 

Don`t copy text!