अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के भारत दौरे की तैयारियां शुरु हो गयीं है और सरकार ने अपनी नाकामियों पर पर्दा डालना शुरु कर दिया है।
इंदिरा ब्रिज से सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाली रोड के किनारे बनी झुग्गी-झोपड़ियों के आगे दीवार बनाने का काम शुरु हो गया है ताकि अमरीकी राष्ट्रपति को यह नज़र न आएं। अहमदाबाद नगर निगम का कहना है कि यह दीवार 500 मीटर लंबी और सात फ़िट चौड़ी होगी।
अपने दो दिनों के भारत दौरे के दौरान ट्रम्प अहमदबाद भी जाएंगे। ट्रंप और मोदी की अहमदाबाद में एक रोड शो करने की योजना है।
अहमदाबाद नगर निगम की मेयर बीजल पटेल का कहना है कि मैंने नहीं देखा, मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।
ज्ञात रहे कि डोनाल्ड ट्रम्प, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर 24 और 25 फ़रवरी को दो दिवसीय प्रवास पर भारत में रहेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति गुजरात के अहमदाबाद भी जाएंगे और वहां एक स्टेडियम में मोदी के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे।
यह दीवार देव सरन या सरनियावास के झुग्गी वाले इलाके के सामने बन रही है जो कई दशकों से अस्तित्व में है और वहां 500 से अधिक घर हैं। इस जगह पर 2 हज़ार 500 से अधिक लोग रहे हैं और जिस तरह से उन्हें ढकने के लिए दीवार बनाई जा रही है, वह प्रशासन की मानसिकता को लेकर कई सवाल खड़े करती है।
इससे पहले जब जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे और उनकी पत्नी ने 2017 में 12वीं भारत-जापान वार्षिक शिखर बैठक के लिए गुजरात का दौरा किया था और फिर उसी वर्ष हुए वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन के लिए भी एक सौंदर्यीकरण अभियान चलाया गया था लेकिन तब गणमान्य व्यक्तियों से शहर के किसी भी हिस्से को छिपाने का प्रयास नहीं किया गया था। (AK)

