तुर्की के हज़ारों सैनिक और बड़ी संख्या में आतंकवादी नहीं रोक पा रहे हैं सीरियाई सैनिकों के बढ़ते क़दम
https://www.smnews24.com/?p=5811&preview=true
सीरियाई सेना ने देश के उत्तर पश्चिम में महत्वूपर्ण प्रगति करते हुए कई रणनीतिक क्षेत्रों को आतंकवादी गुटों से आज़ाद करा लिया है।
स्वयं सेवी बलों और रूस की वायु सेना के समर्थन से सीरियाई सेना ने तुर्की की सीमा से लगे उत्तर-पश्चिमी अलेप्पो प्रांत में आतंकवादियों के अंतिम ठिकाने के ख़िलाफ़ अभूतपूर्व प्रगति की है।
इस क्षेत्र में सीरियाई सेना की प्रगति से तुर्की को गहरी चिंता है और वह इस मुद्दे को लगातार रूस के सामने उठा रहा है।

अंकारा और मास्को के बीच तुर्की की शिकायतों पर किसी तरह की वार्ता शुरू होने से पहले दमिश्क़ की यह प्रगति काफ़ी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
हालिया दिनों में सीरियाई सेना ने अलेप्पो प्रांत के अधिकांश क्षेत्रों को आतंकवादियों के क़ब्ज़े से आज़ाद करा लिया है।
रॉयटर्स ने ख़ास तौर से सीरियाई सेना द्वारा आज़ाद कराए गए अनादान और हरितान शहरों का ज़िक्र किया है।
सीरिया की सरकारी न्यूज़ एजेंसी साना का कहना है कि 2012 के बाद पहली बार सेना ने प्रांतीय राजधानी के आस-पास के सभी इलाक़ों पर निंयत्रण कर लिया है।
ग़ौरतलब है कि सीरिया के इन इलाक़ों पर अल-क़ायदा की शाख़ा हैयते तहरीर अलःशाम का कि जिसे पहले नुस्रा फ़्रंट के नाम से जाना जाता था, क़ब्ज़ा था।
रविवार को सीरियाई टीवी ने भी रिपोर्ट दी थी कि सेना ने अलेप्पो शहर के पश्चिम में स्थित सभी क़स्बों और गांवों को आज़ाद करा लिया है।

तकफ़ीरी आतंकवाद को जड़ से उखाड़ देंगेः सीरियाई सेना
सीरियाई सेना की प्रगति से तुर्की और रूस के बीच सहयोग प्रभावित हुआ है, हालांकि मास्को 9 साल से जारी संकट के राजनीतिक समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
तुर्की ने उत्तरी सीरिया में 12 सैन्य चौकियां स्थापित कर ली हैं, जिसे सीरिया अपनी संप्रभुता का स्पष्ट उल्लंघन क़रार देता है।
पिछले दो हफ़्तों के दौरान सीरियाई सेना की फ़ायरिंग की चपेट में आकर 13 तुर्क सैनिकों की मौत हो गई थी, जिसके बाद तुर्की ने सीरियाई सेना पर हमले की धमकी दी थी।
सीरियाई सेना ने अलेप्पो को दमिश्क़ से जोड़ने वाले मेन हाईवे एम-5 से आतंकवादियों को खदेड़ दिया और कई साल बाद देश के दो सबसे बड़े शहरों को जोड़ने वाले रूट को खोल दिया।
हालांकि तुर्की ने आतंकवादी गुटों के लिए बड़े पैमाने पर हथियार और सैन्य वाहन भेजे हैं, ताकि वे आज़ाद होने वाले इलाक़ों पर एक बार फिर से क़ब्ज़ा कर सकें।
तुर्की की सरकारी न्यूज़ एजेंसी अनादोलू की रिपोर्ट के मुताबिक़, इदलिब के लिए रविवार को तुर्की से 100 सैन्य वाहन, बड़ी मात्रा में हथियार और लड़ाके भेजे गए हैं।
इससे पहले भी तुर्की हज़ारों सैनिक, बड़ी मात्रा में हथियार और सैन्य उपकरण इदलिब में तैनात कर चुका है।
तुर्की के इन सभी प्रयासों के बावजूद, सीरियाई सेना तेज़ी से प्रगति कर रही है और आतंकवादी तुर्की की सीमा की पीछे हटते चले जा रहे हैं।

