घने कोहरे के कारण सड़क दिखाई न देने पर तालाब में जाकर पलटी कार, महिला की मौंत
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बदायूं 9719216984
बदायूँ। दातागंज इलाके में बुधवार रात घने कोहरे में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में पलट गई। हादसे में 55 वर्षीय ममता गुप्ता की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी-दामाद समेत चार लोग घायल हो गए। महिला अपनी बेटी की गर्भवती देवरानी को डॉक्टर को दिखाकर बरेली से लौट रही थी। दातागंज निवासी ममता गुप्ता, उनकी बेटी शालिनी, दामाद अनुज, दामाद के भाई राहुल गुप्ता और उनकी पत्नी रजनी गुप्ता बरेली के एक अस्पताल से बुधवार रात घर लौट रहे थे। परिवारवालों के मुताबिक रजनी गर्भवती है। सभी लोग उसे डॉक्टर को दिखाने बरेली गए थे। अस्पताल में समय ज्यादा लगने की वजह से रात हो चुकी थी और कोहरा भी आ गया था। कार अनुज गुप्ता चला रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे कार बरेली और दातागंज के बीच बराही पुलिस चौकी के पास पहुंची। घना कोहरा होने की वजह से अनुज को सड़क दिखाई नहीं दी, इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में जाकर पलट गई। कार के पीछे दातागंज निवासी पल्लव गुप्ता आ रहे थे। हादसा देख उन्होंने अपनी कार रोकी और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। लोगों ने कार सवारों को निकाला लेकिन तब तक ममता की मौत हो चुकी थी। बाकी लोगों को भी काफी चोटें आईं हैं।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बदायूं 9719216984

