सीरिया ने इदलिब की वायु सीमा को किया सील, तुर्की ने किया सीरियाई जेट मार गिराने का दावा
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
सीरिया ने युद्ध ग्रस्त इदलिब प्रांत की वायु सीमा को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित करते हुए धमकी दी है कि इस क्षेत्र में उड़ाने वाली किसी भी वस्तु या विमान को मार गिराया जाएगा।
रविवार को सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी साना की रिपोर्ट के मुताबिक़, सेना ने राज्य की संप्रभुता व अखंडता की रक्षा के लिए यह क़दम उठाया है।सीरियाई सेना ने इदलिब में घुसपैठिए तुर्क सैनिकों को भी चेतावनी दी, जो आतंकवादियों की मदद करने के साथ ही सीधे तौर पर सेना के ठिकानों को निशाना बना रहे हैं।सीरियाई सेना के बयान में कहा गया है कि तुर्क सेना की अपनी इन शत्रुतापूर्ण चालों से आतंकवादियों को बचाने में सफल नहीं हो सकेगी और अंकारा ने यह साबित कर दिया है कि सोची समेत उसने सभी समझौतों का अपमान किया है।
इस बीच, तुर्की की सरकारी एजेंसी अनादोलु ने दावा किया है कि रविवार को एक सीरियाई लड़ाकू विमान को मार गिराया गया है।
हालांकि साना ने इस दावे को ख़ारिज करते हुए कहा है सीरियाई सेना ने इदलिब में रणनीतिक शहर सराक़ेब के ऊपर तुर्की के एक ड्रोन विमान को मार गिराया है।

