घर में मिला पति-पत्नी व उनकी 3 साल की बेटी का झुलसा शव, कमरे में फैला था खून
रविंद्र कुमार शर्मा जिला ब्यूरो चीफ रायबरेली
-
रायबरेली जिले के नसीराबाद थाना इलाके के बभनपुर गांव का मामला
-
पुलिस को मृतक के घर से 18 पन्नों का सुसाइड नोट मिला, तनाव का उल्लेख
-
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया, हर पहलु को ध्यान में रखकर पुलिस जांच में जुटी
रायबरेली. उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में एक मकान के भीतर पति-पत्नी व उनकी तीन साल की बेटी का झुलसा शव बरामद हुआ है। मामला नसीराबाद थाना इलाके के बभनपुर गांव का है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के जरिए साक्ष्य जुटा है। पूरे कमरे में खून फैला था। मृतक की बाइक भी लापता है। पुलिस को मौके से 18 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। जिसमें तनाव की बात सामने आई है। पुलिस परिवार वालों से पूछताछ कर रही है।
बभनपुर गांव में शिव कुमार उर्फ शिबू (32), पत्नी मोनी (27) और तीन वर्षीय पुत्री अवनी के साथ परिवार से अलग रहता था। मंगलवार सुबह दूधवाला सोनू दुबे जब घर में दूध देने आया तो कमरे के अंदर से कुछ जलने की गंध आई। उसने आवाज दी तो कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उसने आसपास के लोगों को बुलाया। लोगों ने गेट खोला तो घर के भीतर मोनी व अवनी का शव जमीन पर पड़ा था। महिला के शरीर से काफी खून निकला था। ऐसा लग रहा था कि, उसे मारकर जलाया गया हो। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो शिबू की लाश दूसरे कमरे के कोने से बरामद हुई।
एसपी स्वपनिल ममगईं, सीओ सलोंन राघवेंद्र चतुर्वेदी ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद तीनो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उधर अमेठी जिले के निरीक्षण पर पहुंचे आईजी एसके भगत भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि मृतक परिवार से अलग रहता था। सूचना मिलने पर मृतका का छोटा भाई रमेश व बड़ी बहन रानी और मां सम्पता मौके पर पहुंची थीं। मृतक मूल रूप से नसीराबाद लंहगा गांव का निवासी है। मृतक के पिता बद्री प्रसाद बड़ा भाई रामदीन कानपुर में रहते है। एसपी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
आईजी एसके भगत ने बताया कि आसपास के लोग और घर वालों का कहना है कि मृतक कई दिनों से तनाव में रहता था। घर से 18 पेज का सुसाइड नोट मिला है। उसमें भी डिप्रेशन के तथ्य सामने आ रहे हैं। इसकी जांच चल रही है। फिलहाल परिजनो की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रविंद्र कुमार शर्मा जिला ब्यूरो चीफ रायबरेली

