इदलिब के बारे में माॅस्को और अन्कारा के बीच वार्ता सकारात्मक, दोनों देशों के सैनिक मिल कर गश्त करेंगे
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी करके बताया है कि सीरिया के इदलिब प्रांत के बारे में माॅस्को और अन्कारा की वार्ता सकारात्मक रही है।
बयान में कहा गया है कि इदलिब के बारे में दोनों देशों के बीच जो वार्ता हुई है उसके परिणाम में दोनों पक्षों के बीच हुए सभी समझौते लागू होंगे विशेष कर दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने पांच मार्च को कम तनाव वाले क्षेत्र बनाने के बारे में जो सहमति की थी उसे व्यवहारिक बनाया जाएगा। रूसी रक्षा मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि रूस और तुर्की के बीच जो वार्ता हुई है उसके आधार पर रविवार पंद्रह मार्च को सीरिया के एम-4 राजमार्ग पर तुर्की और रूस की पहली संयुक्त गश्त होगी। तुर्क रक्षा मंत्रालय ने भी शुक्रवार को एक बयान में बताया था कि इदलिब के बारे में रूस के सैन्य प्रतिनिधि मंडल के साथ वार्ता सार्थक व सकारात्मक माहौल में हुई है। तुर्की के रक्षा मंत्री हुलूसी अकर ने बताया है कि अन्कारा और माॅस्को, पश्चिमोत्तरी सीरिया में संघर्ष विराम के बिंदुओं पर सहमत हो गए हैं।
ज्ञात रहे कि रूस के राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन और तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान ने पांच मार्च को माॅस्को में मुलाक़ात की थी और पश्चिमोत्तरी सीरिया के इदलिब प्रांत में तनाव कम करने पर सहमत हुए थे। दोनों नेताओं ने इदलिब में संघर्ष विराम की घोषणा के साथ ही झड़प वाले कुछ क्षेत्रों को कम तनाव वाले क्षेत्र बनाने और संयुक्त रूप से गश्त करने पर भी सहमति की थी।

