अमरीकी कभी भी अपनी सैन्य छावनी पर ईरान के मीज़ाइल हमले को नहीं भूलेंगेः रूहानी

समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ

राष्ट्रपति ने कहा है कि वर्ष 1398 में जनता ने उन सभी क्षेत्रों में विजय हासिल की जिनमें ईरान के दुश्मनों ने हमारी जनता के लिए समस्याएं पैदा करने की कोशिश की थी।
राष्ट्रपति डाॅक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को वर्ष 1398 में मंत्रीमंडल की अंतिम बैठक के दौरान, नए हिजरी शमसी साल की बधाई देते हुए कहा कि यह हमारे लिए बड़े दुख की बात है कि इस साल नौरोज़ में हमारे कुछ प्रियजन हमारे बीच नहीं हैं जो अमरीका के कायरतापूर्ण आतंकी हमले में, या यूक्रेन के विमान की कटु दुर्घटना में या बीमारी के कारण मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि समाप्त होने जा रहा यह साल, ईरानी राष्ट्र के लिए गौरव का साल था। जिस क्षेत्र में भी दुश्मन ने ईरानी जनता के लिए समस्याएं उत्पन्न करने की कोशिश की या उन्हें दबाव डाल कर झुकाने का प्रयास किया, ईरानी जनता ने विजय हासिल की।

राष्ट्रपति रूहानी ने आईआरजीसी के कमांडर जनरल क़ासिम सुलैमानी की शहादत की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि अमरीकियों ने हमारे बड़े कमांडर की हत्या लेकिन हमने उसकी आतंकी कार्यवाही को निरुत्तर नहीं छोड़ा और आगे भी नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सेना ने अमरीकियों को ठोस जवाब दिया और क्षेत्र में उनकी एक बड़ी सैन्य छावनी को अपने मीज़ाइल हमले का निशाना बनाया और मुझे नहीं लगता कि अमरीकी कभी भी इस हमले को भूल पाएंगे क्योंकि इस क्षेत्र में यह पहली बार हुआ था कि किसी पाश्विक व ग़लत काम पर अमरीका को तुरंत व ठोस जवाब मिला हो। राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि इससे भी अहम जवाब हमारी जनता का था जिसने ईरान, इराक़ व अन्य देशों में वैभवपूर्ण उपस्थिति के माध्यम से दुश्मन को हिला दिया। उन्होंने कहा कि दुश्मन यह सोच रहे थे कि हमारे प्रतिरोध के जनरल की हत्या से ईरानी राष्ट्र का प्रतिरोध समाप्त हो जाएगा लेकिन नतीजा इसके विपरीत निकला और उनकी कार्यवाही से हमारे समाज में प्रतिरोध अधिक मज़बूत हो गया।

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाॅक्टर हसन रूहानी ने इसी तरह आईआरजीसी द्वारा अमरीका के हमलावर ड्रोन को निशाना बनाए जाने की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि हमारे आस-पास के किसी भी देश में हमने आज तक नहीं देखा कि दुश्मन को कोई ड्रोन हमला करे और उसे पूरी शक्ति के साथ मार गिराया जाए। उन्होंने कहा कि हम आईआरजीसी, सेना, रक्षा मंत्रालय, पुलिस और स्वयं सेवी बल समेत सभी सशस्त्र बलों का आभार प्रकट करते हैं कि उन्होंने अमरीका के मुक़ाबले में पूरी शक्ति के साथ प्रतिरोध किया और उसे ज़ोरदार थप्पड़ लगाया और पूरी दुनिया के सामने ईरानी राष्ट्र की ताक़त का प्रदर्शन किया।

Don`t copy text!