सम्पूर्ण समाधान दिवस में एडीएम विजय कुमार ने जनशिकायतें सुनकर अधीनस्थों को त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए
मुकीम अहमद अंसारी
बदायूं। बिसौली सम्पूर्ण समाधान दिवस में एडीएम विजय कुमार ने जनशिकायतें सुनकर अधीनस्थों को त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। धर्मपुर बिहारीपुर निवासी भगवान सिंह ने दबंगों पर सरकारी गूल तोड़ने का आरोप लगाया। वजीरगंज स्थित मंगला माता मंदिर के महंत किशनगिरि ने प्रशासन द्वारा मंदिर के ताले छ: माह से न खोलने की शिकायत की। महंत ने मंदिर छोड़कर जाने की चेतावनी भी दी है। गांव नसरोल निवासी रामगोपाल ने गांव के दबंगों द्वारा पट्टे की भूमि पर आवास बनाने में बाधा डालने की शिकायत की। ग्राम बाकरपुर निवासी तेजपाल ने कच्चे चकरोड पर गड्ढे की वजह से ग्रामीणों को आने जाने में दिक्कत होने पर चकरोड दुरुस्त कराने की मांग की। करनपुर गांव के बाबूराम ने शिकायती पत्र में पात्र होते हुए भी पीएम आवास न मिलने की शिकायत की। सिसरका की बेवा ब्रह्मा देवी ने पीएम आवास स्वीकृत होने के बावजूद धनराशि आहरित न होने की शिकायत की। गांव भटपुरा निवासी रामौतार व सेवाराम पाठक ने तालाब किनारे वसीयत के खेत में दबंगों द्वारा मेड़ काटकर पानी छोड़ने का आरोप लगाया। इस दौरान एसडीएम कल्पना जायसवाल, तहसीलदार विजय कुमार, एनटी गिरजाशंकर, आशीष सक्सेना, इंस्पेक्टर राजेन्द्र प्रसाद, धर्मेन्द्र सिंह, पूर्ति निरीक्षक शुभ्रा मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
*मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज 24 टाइम्स) बदायूं 9719216984*

