यमन पर सऊदी अरब के हवाई हमले, गर्भवती महिला समेत एक ही परिवार के सभी सदस्यों की मौत

समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ

यमन के राज़ेह ज़िले पर सऊदी हमलावरों के मीज़ाइली हमले में कई आम नागरिक मारे गए हैं।
सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठजोड़ ने शनिवार की सुबह यमन के सादा प्रांत के राज़ेह ज़िले के बनी सय्याह इलाक़े पर हवाई हमला किया जिसमें एक गर्भवती औरत और उसके दो बच्चों समेत चार लोग मारे गए। सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने इसी तरह अलजौफ़ प्रांत के कई क्षेत्रों पर तेरह बार मीज़ाइल हमले किए। पिछले एक हफ़्ते के दौरान सऊदी अरब ने यमन पर अपने हमले तेज़ कर दिए हैं जबकि संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव अंटोनियो गुटेरस ने पूरी दुनिया में झड़पें बंद करने की मांग करते हुए यमन में संघर्ष विराम के समर्थन की घोषणा की थी।

यमन की राष्ट्रीय मुक्ति सरकार ने बल देकर कहा है कि देश में संघर्ष विराम तभी लागू किया जाएगा जब यमन की घेराबंदी समाप्त की जाएगी और उस पर सऊदी गठजोड़ के हमले बंद किए जाएंगे। यमनी सेना और स्वयं सेवी बलों ने पिछले 24 घंटों में देश के पूर्वी प्रांत मआरिब में कई इलाक़ों को स्वतंत्र करा लिया है और सऊदी गठजोड़ के कई हवाई हमलों को विफल बना दिया है।

Don`t copy text!