स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं द्वारा क्यारियाँ बनाकर किया गया पौधरोपण

अवधेश कुमार वर्मा संवाददाता बाराबंकी

फतेहपुर, बाराबंकी। फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महमूदाबाद की राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस का आरंभ लक्ष्य गीत के साथ हुआ। तत्पश्चात स्वयंसेवियों द्वारा शिविर स्थल की साफ-सफाई कर परिसर में क्यारियां बनाकर उनमें पौधा रोपण किया गया। डॉ0 जेबा खान के द्वारा स्वच्छता ही सेवा है विषयक व्याख्यान दिया गया। इसके बाद स्वयंसेवियों के मध्य मतदान विषयक प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। प्रश्नोत्तरी में श्रद्धा भार्गव ने प्रथम स्थान, प्रतिभा सिंह ने द्वितीय स्थान, सादिया एवं राशिका सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शिविर के द्वितीय सत्र में डॉ0 प्रार्थना सिंह द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता की नैतिकता पर व्याख्यान दिया गया एवं डॉ0 सना परवीन अंसारी द्वारा व्यावहारिक रूप से स्वयंसेवियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषयक जानकारी दी गई। उन्होंने स्वयंसेवियों को अनुवादिनी, भाषिणी एप ईपीजी पाठशाला एवं स्वयं पोर्टल के विषय में बताते हुए उसका उपयोग करना सिखाया ।तत्पश्चात प्रतिभा सिंह एवम राशिका द्वारा शिविर के चतुर्थ दिवस की समस्त गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इसके बाद डॉक्टर आर0 पी0 सिंह कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना द्वितीय इकाई द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।शिविर में प्रीति श्रीवास्तव, रेखा देवी, अहसान अली एवं छन्नू लाल उपस्थित रहे।

Don`t copy text!