उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद की आंवला लोकसभा सीट पर दो पर्चे दाखिल करने के मामले में बसपा प्रत्याशी आबिद अली की तहरीर पर खुद को बसपा प्रत्याशी बताने वाले तथाकथित सत्यवीर सिंह और सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य पर एफआईआर दर्ज हुई है. दोनों के खिलाफ धारा 120बी, 420, 467, 468, 471, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950, 1951, 1989 की धारा 125 ए के तहत सदर कोतवाली बरेली में मुकदमा दर्ज किया गया है.
दरअसल, इस मामले में शाहजहांपुर के जलालाबाद निवासी सत्यवीर सिंह और सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य के खिलाफ पुलिस के आला अधिकारियों के निर्देश पर एफआईआर का आदेश हुआ था. आरोप हैं कि आंवला से सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य ने बसपा के फर्जी प्रत्याशी सत्यवीर सिंह को चुनाव में खड़ा किया और फर्जी सिंबल और लेटर बनवाया. जिसके बाद सत्यवीर ने अपना पर्चा दाखिल किया
बरेली के आंवला लोकसभा सीट पर बसपा के दो पर्ची दाखिल हुए थे
बरेली के आंवला लोकसभा सीट पर बसपा के दो पर्ची दाखिल हुए थे, जिसमें पहला पर्चा आबिद अली के द्वारा भरा गया था और दूसरा पर्चा सत्यवीर सिंह द्वारा दाखिल किया गया था. जब दोनों के पर्चे कैंसिल होने की बात सामने आने लगी, तब बसपा जिला अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने कहा कि हमारा प्रत्याशी आबिद अली है. इतना ही नहीं बसपा सुप्रीमो मायावती ने बाकायदा एक लेटर जारी किया और रिटर्निंग अफसर के यहां जमा किया गया. रिटर्निंग अफसर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बसपा सुप्रीमो से बात की. इस दौरान मायावती ने आबिद अली को ही बसपा का प्रत्याशी बताया. इसके बाद आबिद अली का पर्चा स्वीकार कर लिया गया
सपा प्रत्याशी के ड्राइवर ने खोली पोल
जब इस बात की तहरीर देने बसपा प्रत्याशी सदर कोतवाली पहुंच रहे थे, तभी रास्ते में एक कार को बसपा प्रत्याशी के समर्थकों ने पकड़ लिया और थाने लेकर आए. थाने में जब पूछा गया तब गाड़ी ड्राइवर ने बताया कि वह नीरज मौर्य का ड्राइवर है और उसके साथ सत्यवीर सिंह आए थे और अपना पर्चा दाखिल किया था. इस बात की जानकारी बसपा प्रत्याशी को होते ही उन्होंने थाने में तहरीर दी. जिसके बाद सत्यवीर और सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।
*मुकीम अहमद अंसारी बदायूं*

