चीन ने की डब्लूएचओ के संबन्ध में अमरीकी क्रियाकलापों की कड़ी निंदा
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
चीन के विदेशमंत्री ने घोषणा की है कि उनका देश अन्तर्राष्ट्रीय संगठनों का समर्थक है और आगे भी रहेगा।
चीन के विदेशमंत्री वांग यी ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डाक्टर “टेडरोस अधानोम ग्रेबियेसेस” से टेलिफोनी वार्ता की। इस वार्ता में उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील दौर में कि जब पूरा संसार कोरोना से निबटने में लगा हुआ है, डब्लूएचओ तथा उसके महानिदेशक का समर्थन, वास्तव में बहुपक्षीयवाद के सिद्धांत के समर्थन के अर्थ में है। उन्होंने कहा कि चीन की ओर से विश्व स्वास्थ्य संगठन का समर्थन वास्वत में कोरोना महामारी से मुक़ाबले के अर्थ में है।
चीनी विदेशमंत्री ने अमरीका की ओर से डब्लूएचओ की वित्तीय सहायता रोकने की आलोचना करते हुए कहा कि इस माध्यम से वाशिग्टन, अन्तर्राष्ट्रीय संगठनों पर अपना दबाव बनाना चाहता है। ज्ञात रहे कि कोरोना वायरस को लेकर अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ट्रम्प ने डब्लूएचओ की वित्तीय सहायता रोकने की घोषणा की है।
उल्लेखनीय है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन पोलियो, मलेरिया, खसरा, टीबी, क्षयरोगों, मधुमेह, कैंसर और कुपोषण जैसी समस्याओं के समाधान में विश्व स्तर पर सक्रिय रूप से काम करता है। वर्तमान समय में डब्लूएचओ, कोरोना वायरस की जांच में सहायता कर रहा है। इसीके साथ वह कोरोना टेस्टिंग और उनसे जुड़े कामों के बारे में सुझाव भी देता है। वह कोरोना से संबन्धित शोधकार्यों, दवाओं तथा इसके टीके पर किये जा रहे काम में सहायता दे रहा है। इन परिस्थितियों में उसकी वित्तीय सहायता रोका जाना वास्तव में खुला अन्याय और अत्याचार है। डब्लूएचओ का वार्षिक बजट 4.5 बिलयन डाॅलर का है जिसमें अमरीका की भागीदारी 15 प्रतिशत है।

