*कोरोना से संघर्षरत पत्रकारों की चिंता करें सरकार  : राजू भैया* हिंदी पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष ने की केंद्र व प्रदेश सरकारों से मांग

प्रधान संपादक आलीमा शमीम अंसारी

बाराबंकी। कोरोना से जंग में पत्रकारों का सहयोग एवं समर्पण कम करके नहीं आंका
जा सकता। पत्रकार भी जीवन को जोखिम में डालकर इस युद्ध में जुटे हैं। केंद्र व
प्रदेश की सरकारों को पत्रकारों की भी चिंता करनी चाहिए। उक्त बात हिंदी
पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण कुमार
द्विवेदी राजू भैया ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कही है।

उपाध्यक्ष राजू भैया ने कहा है कि महाराष्ट्र में बड़ी संख्या में पत्रकार
कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं।  स्पष्ट है कि डॉक्टरों एवं पुलिसकर्मियों तथा
सफाई कर्मियों सहित अन्य सभी कोरोना योद्धाओ की तरह पत्रकार भी पूरे समर्पण के
साथ इस युद्ध में अपना योगदान दे रहे हैं ।ऐसे में इनके जान माल की सुरक्षा की
जिम्मेदारी भी सरकार को उठानी चाहिए। राजू भैया ने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश
की सरकारों ने अपने सभी कर्मचारियों के लिए सुरक्षा बीमा की व्यवस्था की है
ऐसे में जरूरी है कि पत्रकारों के लिए भी जीवन सुरक्षा बीमा की व्यवस्था की
जाए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को आर्थिक ताकत प्रदान की जाए क्योंकि तमाम
ऐसे स्वाभिमानी पत्रकार हैं जो जिंदगी की दुश्वारियां से जूझते हुए भी
पत्रकारिता के मिशन को सर्वोच्चता तक ले जा रहे हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता व पत्रकार कृष्ण कुमार द्विवेदी राजू भैया ने
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग करते हुए
कहा है कि पत्रकार जनता एवं सरकार तथा प्रशासन के बीच एक मजबूत कड़ी है। खासकर
जिला एवं ब्लॉक स्तर तक के पत्रकार बहुत ही महत्वपूर्ण है। हर सूचना को आम
व्यक्ति तक ले जाना पत्रकारों की वजह से हो पाता है। उन्होंने कहा कि कोरोना
महामारी के समय पत्रकार भी सरकार के सभी कार्यों को एवं बातों को आमजन तक
पहुंचा रहे हैं। ऐसे में उन्हें भी खतरा है।  ऐसे में प्रधानमंत्री एवं
मुख्यमंत्री को पत्रकारों के बारे में जरूर सोचना चाहिए,चिंता करनी चाहिए।
राजू भैया ने  कहा वैसे तो आजादी के बाद से अब तक पत्रकारों की चिंता नहीं हो
पाई लेकिन कम से कम कोरोना संकट के समय पत्रकारों की जान माल की चिंता हो जाए
अच्छी बात होगी।

प्रधान संपादक आलीमा शमीम अंसारी

Don`t copy text!