अमरीका में सर्दियों में कोरोना की दूसरी लहर अधिक ख़तरनाक होगी, फ़्लू और कोरोना दोनों एक साथ हमला करेंगेः स्वास्थ्य अधिकारी
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
अमरीका में रोग व उपचार केंद्र ने चेतावनी दी है कि सर्दियों में आने वाली कोरोना वायरस की दूसरी लहर, मौजूदा लहर से ज़्यादा ख़तरनाक होगी।
अमरीका के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इस देश में कोरोना की दूसरी लहर अधिक बुरी होगी जो फ़्लू के मौसम के साथ सामने आएगी। अमरीका के सेंटर्ज़ फ़ाॅर डिज़ीज़ एंड प्रिवेन्शन (रोग व उपचार केंद्र) के निदेशक राॅबर्ट रेडफ़िल्ड ने वाॅशिंग्टन पोस्ट को दिए गए इंटरव्यू में अमरीकियों से कहा है कि वे अगले महीनों के लिए तैयार रहें। उनका कहना था कि संभावित रूप से अमरीका पर कोरोना वायरस का अगला हमला इस हमले से भी ज़्यादा कठिन होगा जिसका हम अभी सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब मैंने यह बात दूसरों को बताई तो उन्होंने अपना सिर इस तरह पीछे कर लिया जैसे उन्हें मेरी बात समझ में आई ही नहीं।
अमरीका के रोग व उपचार केंद्र के निदेशक राॅबर्ट रेडफ़िल्ड ने वाॅशिंग्टन पोस्ट को बताया कि फ़्लू की वबा और कोरोना वायरस की महामारी दोनों एक साथ आने वाले हैं। इस समय अमरीका के अस्पताल, कोरोना वायरस के मरीज़ों से भरे पड़े हैं जिनकी संख्या लगभग सवा आठ लाख हो चुकी है जबकि मरने वालों की संख्या 45 हज़ार से भी ज़्यादा है। अमरीका में वेन्टीलेटर मशीनों, टेस्ट किट्स और वायरस से बचाव के निजी सामानों व उपकरणों की भारी कमी हो गई है।

