डीएम की अध्यक्षता में राजस्व, कर-करेत्तर एवं प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित
शमीम अंसारी बाराबंकी
सभी एसडीएम सप्ताह में एक दिन क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर करें प्रभावी प्रवर्तन – डीएम
बिना स्टॉप सवारी बैठाने वाले बस चालकों व परिचालकों पर लगेगा जुर्माना
बाराबंकी, 18 दिसंबर।
बुधवार को जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में राजस्व कार्यों, कर-करेत्तर तथा प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार राजस्व वसूली, प्रवर्तन की स्थिति एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति की विस्तृत समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कर वसूली एवं प्रवर्तन से संबंधित सभी कार्य लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। सभी तहसीलों में लंबित राजस्व वादों की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, अवैध खनन, खाद्य सुरक्षा, गन्ना तौल केंद्रों, धान क्रय केंद्रों तथा नहरों में कराई जा रही सिल्ट सफाई से जुड़े कार्यों में प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य विभाग से वैध अस्पतालों की सूची प्राप्त कर अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के विरुद्ध संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों के साथ संयुक्त रूप से सीलिंग की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि अनुबंधित बसें चौराहों पर बिना निर्धारित स्टॉप के सवारी बैठाने हेतु रुक जाती हैं, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित चालकों एवं परिचालकों पर जुर्माना लगाए जाने के निर्देश दिए गए।
कर-करेत्तर एवं राजस्व वसूली में तेजी के निर्देश
कर-करेत्तर राजस्व की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने खनिज, परिवहन, आबकारी, विद्युत, राजस्व विभाग, तहसीलों, बैंकों एवं नगर निकायों से संबंधित बकाया वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़े बकायेदारों से प्राथमिकता के आधार पर वसूली सुनिश्चित की जाए।
लक्ष्य के सापेक्ष 90 प्रतिशत से कम प्राप्ति वाले विभागों के विभागाध्यक्षों को पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।
पुराने राजस्व वादों का मिशन मोड में निस्तारण
जिलाधिकारी ने धारा 24 के मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि तीन वर्ष एवं पाँच वर्ष से अधिक समय से लंबित वादों को मिशन मोड में निस्तारित किया जाए। धारा 24 के वाद किसी भी स्थिति में एक वर्ष से अधिक लंबित न रहें।
साथ ही धारा 34, 38, 67, 80 एवं 116 से संबंधित मामलों का भी समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वामित्व योजना, खतौनी में अंश निर्धारण, उत्तराधिकार, रियल-टाइम खतौनी एवं ई-परवाना से जुड़े मामलों में भी तेजी लाने को कहा गया।
जनता दर्शन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित एवं वास्तविक राहत मिल सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) निरंकार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राज कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम रामनगर सुश्री गुंजिता अग्रवाल सहित समस्त तहसीलों के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

