बदायूं। जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
यहां एक व्यक्ति का शव कार के नीचे फंसा हुआ करीब 12 किलोमीटर तक सड़क पर घसीटता रहा जिससे सड़क कई जगहों पर खून से लाल हो गई।
घटना बदायूँ ज़िले के सदरकोतवाली क्षेत्र के लालपुल की है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की कृषि विभाग कॉलोनी निवासी परविंदर प्रताप सिंह शुक्रवार शाम कादरचौक थाना क्षेत्र के असरसी गांव से अपनी खाद-बीज की दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात स्थान पर एक व्यक्ति का शव उनकी कार के नीचे फंस गया जिसकी भनक चालक को नहीं लगी।
कार के पीछे चल रहे एक अन्य वाहन सवार ने जब कार के नीचे कुछ फंसा देखा, तो उसने चालक को रोककर इसकी जानकारी दी।
जब चालक ने कार से उतरकर देखा, तो कार के नीचे एक व्यक्ति का शव फंसा हुआ मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही लालपुल पर भारी भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कार के नीचे से बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग निवासी घलेंद्र पुत्र चुन्नीलाल के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार, मृतक राजमिस्त्री का काम करता था और रिश्तेदारी में गया हुआ था, लेकिन उसके साथ यह हादसा कहां और कैसे हुआ, इसका अभी तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाया है।फिलहाल पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
कार को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव कार में किस स्थान से और कैसे फंसा।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

