सहसवान,बदायूं। सहसवान थाना क्षेत्र में एक किसान की खड़ी गेहूं की फसल को ट्रैक्टर से जोतने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें करीब 25,000 रुपये के नुकसान का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उनकी भूमि गाटा संख्या 525 (रकबा 0.253 हेक्टेयर) और 524/3 (रकबा 0.5210 हेक्टेयर) ग्राम मानकपुर, तहसील सहसवान में स्थित है। इस भूमि पर गेहूं की फसल खड़ी थी। आरोप है कि 20 फरवरी 2026 की सुबह करीब 6 बजे आबिद, जाहिद और शाकिब नामक व्यक्तियों ने स्वराज ट्रैक्टर से उनकी खड़ी फसल को जोत दिया।
पीड़ित किसान ने अपने भाइयों के साथ मौके पर पहुंचकर आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान नदीम नामक एक अन्य व्यक्ति और अन्य आरोपियों ने कथित तौर पर किसान के साथ गाली-गलौज की, लात-घूसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
सहसवान थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

