महिला को मुकदमे का फैसला कराने को बहाने से घर बुलाकर देवरों ने लाठी डंडों से पीटा।

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान,बदायूं। थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ससुरालियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि मुकदमे का फैसला कराने के बहाने उसे घर बुलाया गया और फिर देवरों ने लाठी-डंडों से पीटा। पीड़िता ने पुलिस से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
भवानीपुर खैरू गांव निवासी तरवीन पुत्री हासिम अली की शादी करीब 16 साल पहले हिंडौरा गांव के आमिल पुत्र मुजम्मिल से हुई थी। तरवीन की 14 वर्षीय बेटी अकशा और 12 व 10 वर्षीय दो बेटे साहिल व साद हैं। तरवीन का अपने पति और ससुरालियों के साथ एक मुकदमा चल रहा है, जिसके कारण वह अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही थी।
पीड़िता के अनुसार, 30 सितंबर 2025 को समाज के संभ्रांत लोगों ने उनके मामले में समझौता कराया था। इसके बाद ससुराल वाले तरवीन और उनके बच्चों को अपने साथ घर ले गए थे।
घटना 11 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे की है। तरवीन ने बताया कि उसके देवर नदीम और मुजीब पुत्रगण मुजम्मिल ने उसके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। जब उसने गाली देने से मना किया, तो दोनों देवरों ने उसे लात-घूंसों और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। वे उससे कह रहे थे कि उसने जो पहले मुकदमा दर्ज कराया है, उसमें फैसला कर ले।
तरवीन ने जवाब दिया कि यदि उसे और उसके बच्चों को अच्छी तरह रखा जाएगा, तो वह फैसला कर लेगी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने तरवीन को उसके बच्चों सहित घर से बाहर निकाल दिया और धमकी दी कि अगर वह दोबारा घर आई तो उसे जान से मार देंगे। पीड़िता ने अब पुलिस से इस मामले में शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया मामले की जांच की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!