मजार के रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट ओर पथराव कर रहे दर्जनों भर लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान,बदायूं। मजार पर जाने वाले रास्ते को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच मारपीट और जमकर पथराव हुआ। विवाद के दौरान मजार की एक दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पथराव कर रहे एक दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में शाम तक किसी पक्ष की ओर से शिकायती पत्र नहीं दिया गया था। पुलिस का कहना था कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
घटना गुरुवार दोपहर को कोतवाली क्षेत्र के गांव हिंडोर में हुई। असलम के घर के पास मजार बनी हुई है। यहां तक जाने वाले रास्ते को लेकर असलम और दूसरे पक्ष के बीच विवाद हो गया। कहासुनी से शुरु हुआ विवाद मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव होता रहा। इसका एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी। कोतवाल धनंजय सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ने के साथ ही एक दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को जमीन विक्रय कर दी गई थी। इसी भूमि में एक पुरानी मजार बनी है। इसी मजार पर चादर चढाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसी विवाद में मजार की दीवार ढह गयी है। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि मजार के रास्ते को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। अभी तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

