सहसवान,बदायूं। थाना क्षेत्र के ग्राम मुडारी सिधारपुर में अमर सिंह नामक व्यक्ति की भूमि पर दबंगों ने बार-बार अवैध कब्जा कर लिया है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बावजूद स्थानीय पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिससे वह न्याय के लिए उच्चाधिकारियों के पास जाने को मजबूर है।
ग्राम मुडारी सिधारपुर निवासी अमर सिंह पुत्र मुकट सिंह की गाटा संख्या 640, रकवा 0.089 हेक्टेयर भूमि पर 26 फरवरी 2025 को राजपाल, भूरे पुत्रगण शेर सिंह, संजू, गौरीशंकर, तुलाराम, धनेन्द्र, पंचम, रतिराम पुत्रगण राजपाल और दिनेश पुत्र बलवीर सहित कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया था। अमर सिंह की शिकायत पर, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने 11 सितंबर 2025 को भूमि को कब्जा मुक्त कराया था।
भूमि कब्जा मुक्त होने के बाद अमर सिंह मजदूरी करने दिल्ली चले गए थे। जब वे 10 नवंबर 2025 को दिल्ली से वापस लौटे, तो उन्होंने पाया कि उन्हीं लोगों ने उनकी भूमि पर फिर से कब्जा कर लिया है।
पीड़ित ने दोबारा उच्चाधिकारियों और मुख्यमंत्री जनता दरबार में 5 फरवरी 2026 को प्रार्थना पत्र दिया। इस पर उपजिलाधिकारी सहसवान ने संदर्भ संख्या 12149260021553 में उल्लेख किया कि चूंकि भूमि पर बार-बार अवैध कब्जा हो रहा है, इसलिए अमर सिंह को थाना सहसवान में प्राथमिकी दर्ज कराने की सलाह दी जाती है। हालांकि, जब अमर सिंह प्राथमिकी दर्ज कराने थाना सहसवान गए, तो पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया।
अब अमर सिंह ने न्याय की गुहार लगाते हुए अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली जोन, से अनुरोध किया है कि थाना सहसवान पुलिस को उनकी रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया जाए।
इस पर तो धनंजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया मामले की जांच की जड़ी और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

