बदायूं में बदमाशों ने दवा कारोबारी से दो लाख रुपये व दो मोबाइल लूटे

मुकीम अहमद अंसारी

बदायूं। कोतवाली क्षेत्र में कल मंगलवार रात दवा के थोक कारोबारी अंशुमान से दो लाख रुपये और दो मोबाइल फोन लूट लिए गए। स्कूटी सवार दो बदमाशों ने घर की गली में उनकी बाइक को धक्का देकर वारदात को अंजाम दिया। यह घटना जिले में दस दिन के भीतर लूट की तीसरी वारदात है, जिसने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और सजगता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अंशुमान की मढ़ई चौक पर अंशु इंटरप्राइजेज के नाम से थोक दवा की दुकान है। मंगलवार रात करीब दस बजे वह अपनी दुकान बंद कर रोजाना की तरह घर लौट रहे थे। हुसैनी गली स्थित उनके आवास के करीब पहुंचते ही बदमाशों ने उनकी बाइक को स्कूटी से टक्कर मार दी। अंशुमान संतुलन खोकर सड़क पर गिर गए।इसी दौरान बदमाशों ने उनके पास मौजूद बैग छीन लिया और भाग गए। लूटे गए बैग में दवा बिक्री के दो लाख रुपये और दो कीमती मोबाइल फोन रखे थे। घटना के तुरंत बाद पीड़ित अंशुमान ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश में टीमें गठित की हैं।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से बदमाशों का पता लगा रही पुलिस:-लूट की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। कोतवाल संजय सिंह ने व्यापारी अंशुमान से घटना के बारे में जानकारी ली।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।रात से ही पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!