पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर लाठी -डंडों और धारदार हथियार से किया जानलेवा हमला।
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान,बदायूं। थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया। यह घटना 10 मई, 2026 को शाम करीब 4 बजे अल्लीपुर चौराहे के पास हुई। पीड़ित वीरेश, जो कारीगरी का काम करता है, सहसवान से लौट रहा था।
दौलतपुर गांव निवासी जागन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव के ही सुनील, कुंवरपाल, धर्मपाल और सोहन लाल से उनके परिवार की पुरानी रंजिश चली आ रही है। जागन के अनुसार, ये आरोपी अक्सर उनके परिवार के सदस्यों से गाली-गलौज और झगड़ा करते रहते हैं।
शिकायत में बताया गया है कि वीरेश जैसे ही अल्लीपुर चौराहे के पास पहुंचा, आरोपी पहले से घात लगाकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर बैठे थे। उन्होंने वीरेश को घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। जब वीरेश ने विरोध किया, तो आरोपियों ने लात-घूसों, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वीरेश की चीख-पुकार सुनकर गांव के सर्वेश (पुत्र फरजन सिंह), नेत्रपाल (पुत्र मलूकी) और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने वीरेश को बचाया और आरोपियों को ललकारा। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
हमले में वीरेश के सिर और शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान उसका ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी मौके पर गिर गया, जो तलाशने पर नहीं मिला। जागन ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है मामले की जांच की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

