दुकान के विवाद में खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR, पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई के आरोप
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान, बदायूं थाना सहसवान क्षेत्र के ग्राम नदायल में दुकान के किराए और पगड़ी को लेकर चल रही रंजिश ने बृहस्पतिवार शाम खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं दुकान मालिक ने पुलिस पर पैसे लेकर एकतरफा कार्रवाई करने और जबरन दुकान खाली कराने का गंभीर आरोप लगाया है।
ग्राम नदायल निवासी शावेज अहमद पुत्र अहमद नबी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह गांव में जूते-चप्पल और रेडीमेड की दुकान चलाता है। यह दुकान उसने अहमद रजा और हसीन अहमद से पगड़ी पर ली थी। शावेज का आरोप है कि वह समय से किराया दे रहा था, लेकिन आरोपी पक्ष पगड़ी की रकम बढ़ाने का दबाव बना रहा था। इसी रंजिश में 6 जून की शाम करीब 6 बजे अहमद रजा, हसीन अहमद और अनस अपने परिवार की महिलाओं के साथ लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर उसकी दुकान पर आ धमके। विरोध करने पर उसे बुरी तरह मारा-पीटा गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। शावेज ने बताया कि आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
वहीं दूसरे पक्ष ने भी शावेज अहमद के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। सूत्रों के अनुसार दूसरे पक्ष ने शावेज पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। इस तरह पूरे मामले में क्रॉस FIR दर्ज हो गई है।
*2.39 लाख के लेन-देन और दुकान खाली कराने पर बवाल*
दुकान संचालक शावेज के परिजनों का आरोप है कि उनके 2,39,000 रुपए अहमद नबी हाजी पर बकाया थे। आरोप है कि पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए बिना किसी अदालती आदेश के दुकान को खाली करा दिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस ने पैसे लेकर विपक्षी का साथ दिया और उनके साथ नाइंसाफी की है। किरायेदारी का मामला सिविल कोर्ट का है, फिर भी पुलिस ने दबाव बनाकर कब्जा हटवा दिया।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है। दोनों पक्षों ने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई हैं।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

