पानी के विवाद में इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव सकतपुर में युवक को मारी गोली “गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल में कराया गया है भर्ती”
मुकीम अहमद अंसारी
बदायूं। जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव सकतपुर में नाली के पानी को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दबंगों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
गांव सकतपुर में पिछले कई दिनों से नाली के पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। शनिवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से डॉली सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायल को उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है और उसे निगरानी में रखा गया है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही इस्लामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी बिल्सी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद नाली के पानी की दिशा को लेकर था, जो धीरे-धीरे गंभीर झगड़े में बदल गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

