कल विकराल रूप में टकराएगा भारतीय तट से
नई दिल्ली । बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात ‘अम्फान’ के 20 मई को विकराल रूप के साथ भारतीय तट से टकराने का अनुमान है। इससे पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी तबाही हो सकती है। इससे निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों ने व्यापक इंतजाम किए हैं। इन राज्यों में राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ की 32 टीमें तैनात की गई हैं और 9 टीमों को स्टैंडबाई में रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सेना, एयरफोर्स, नेवी और कोस्ट गार्ड की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है। एनडीआरएफ के डीजी एसएन प्रधान और भारतीय मौसम विभाग के डीजी मृत्युंजय महापात्र ने इस तूफान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। महापात्र ने बताया कि ‘अम्फान’ तेजी से विकराल रूप धारण करता जा रहा है। यह 16 मई को बंगाल की खाड़ी में उठा था और सोमवार सुबह साढ़े 11 बजे सुपर साइक्लोन में तब्दील हो गया। 20 मई को दोपहर से शाम के बीच इसके सुंदरबन में दीघा और हटिया के बीच तट से टकराने का अनुमान है।
कोरोना संकट में दोहरी चुनौती
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के प्रमुख एस.एन. प्रधान ने सोमवार को कहा कि महाचक्रवात को एनडीआरएफ हल्के में नहीं ले रहा है क्योंकि भारत दूसरी बार इस तरह के चक्रवात का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह एक बहुत महत्वपूर्ण घटना है क्योंकि 1999 के बाद भारत में आने वाला यह दूसरा प्रचंड चक्रवाती तूफान होगा। महानिदेशक ने कहा कि उनके बल ने चक्रवात से प्रभावित होने वाले ओडिशा और पश्चिम बंगाल राज्यों के लिए 53 टीमों को तैयार रखा है। उन्होंने कहा, ‘यह एक दोहरी चुनौती है क्योंकि चक्रवात कोविड-19 महामारी के समय आ रहा है, हम सभी एहतियात बरत रहे हैं।’
Related Posts

