फेसबुक आईडी पर सभासदों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने पर भड़के सभासद पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान, बदायूं। नगर पालिका सहसवान के सभासदों ने फेसबुक पेज “सहसवान का आईना” के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में पुलिस प्रशासन को प्रार्थना-पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

सभासदों का कहना है कि फेसबुक आईडी “सहसवान का आईना” से सार्वजनिक रूप से की गई एक पोस्ट में नगर पालिका परिषद सहसवान के सभी वार्ड सभासदों के लिए अपमानजनक एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। उनका आरोप है कि इस पोस्ट से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है तथा जनता के बीच उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।

प्रार्थना-पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं और जनप्रतिनिधियों के प्रति अनावश्यक वैमनस्य पैदा करती हैं। इसलिए संबंधित फेसबुक पोस्ट और फेसबुक आईडी की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि कोई विधि-विरुद्ध कृत्य पाया जाए तो संबंधित व्यक्ति या संचालक के विरुद्ध प्रचलित कानून के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए।

सभासदों ने प्रार्थना-पत्र के साथ संबंधित फेसबुक पोस्ट के स्क्रीनशॉट और अन्य उपलब्ध साक्ष्य भी प्रशासन को सौंपे हैं। मामले में पुलिस द्वारा जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!