दबंग के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, अवैध कब्जे, मारपीट और धमकी के आरोप;  सीओ ने कार्रवाई का दिलाया भरोसा

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान, बदायूं। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव खिरकवारी मानपुर में एक कथित दबंग के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि देवेंद्र नामक व्यक्ति और उसके साथियों के आतंक से गांव में दहशत का माहौल है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्राधिकारी (सीओ) सहसवान से मिले और आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब छह माह से 30 से 40 बीघा भूमि पर अवैध कब्जा कर वसूली की जा रही है। उनका कहना है कि विरोध करने वालों को धमकाया जाता है, जिससे कई परिवार भय के कारण खुलकर सामने नहीं आ पा रहे हैं।

वहीं, एक पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपित और उसके साथियों ने उनके घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट की। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। परिवार का दावा है कि मारपीट में गंभीर रूप से घायल उनके पिता का बरेली के अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित का नेटवर्क अवैध शराब तस्करी, विधवा महिलाओं की जमीन पर कब्जे और ठगी जैसे मामलों तक फैला हुआ है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने सीओ अशोक कुमार सिंह सहसवान से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। सीओ ने उन्हें आश्वस्त किया कि गरीबों की जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि वे इससे पहले जिलाधिकारी बदायूं को भी प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की मांग कर चुके हैं।

अब पूरे क्षेत्र की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है। यदि ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!