अग्निवीर भर्ती परीक्षा में फेल होने पर युवक ने दी जान, पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव

मुकीम अहमद अंसारी

बदायूं। उसावां क्षेत्र में सेना की अग्निवीर भर्ती परीक्षा में असफल होने पर तनाव में चल रहे युवक ने खेत में पेड़ पर फंदे से लटककर जान दे दी।परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए मृतक का अटेना गंगा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।उसावां थाना क्षेत्र के ग्राम मिलकिया निवासी सौरभ सिंह (20) ने शनिवार रात गांव से बाहर मंदिर के पास खेत में आम के पेड़ पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।उसके पिता राकेश सिंह ने बताया कि सौरभ सिंह ने पिछले दिनों अग्निवीर भर्ती परीक्षा दी थी।परीक्षा में असफल होने पर वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। समझाने के बाद भी वह अवसाद से बाहर नहीं आ पा रहा था।परिजनों के अनुसार,शनिवार रात करीब नौ बजे घर में खाना खाकर चारपाई पर सो गया था।

परिजनों में मची चीख-पुकार:-रात करीब 11 बजे चारपाई पर नहीं दिखा तो उसकी तलाश शुरू की।रात्रि साढ़े 12 बजे के करीब गांव से बाहर मंदिर के पास खेत में खड़े आम के पेड़ पर लटकता उसका शव मिला।उसे देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। रात में ही कई लोग मौके पर पहुंच गए।

परिजन युवक के शव को पेड़ से उतारकर घर लाए और पुलिस को बिना सूचना दिए रविवार को सुबह अटेना गंगा घाट पर मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।सौरभ के पिता खेतीबाड़ी करते हैं।छोटा भाई पढ़ाई कर रहा है। सीओ अशेष नाथ सिंह ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई है।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!