बदायूं में हिंदू संगठन का कार्यकर्ता बताकर लूट करने वाले दो बदमाशो को पुलिस ने किया गिरफ्तार, तीन फरार

मुकीम अहमद अंसारी

बदायूं। मुर्गियां लेकर जा रहे पिकअप चालक से लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।पुलिस ने मामले में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है,जबकि उनके तीन साथी अभी फरार हैं।गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक मोबाइल,10,200 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की गई है।बदमाशों ने पिकअप चालक से 50 हजार रुपये की मांग की थी।चालक से 19,200 रुपये नकद और 800 रुपये पेटीएम के माध्यम से ले लिए गए थे।घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।मामले को लेकर हिंदू संगठन की ओर से भी पुलिस से शिकायत की गई थी।पुलिस फरार तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।

घटना का विवरण:-

लूट की वारदात दातागंज कोतवाली के गंगा एक्सप्रेसवे इंटरचेंज और डहरपुर के बीच हुई थी।अलापुर थाना क्षेत्र के म्याऊं के रहने वाले नेत्रपाल पुत्र किशन लाल, पिकअप चालक सत्यपाल और अमन के साथ बिसौली से मुर्गी लेकर दातागंज जा रहे थे।इसी दौरान एक्सप्रेसवे इंटरचेंज और डहरपुर के बीच एक ढाबे पर कार सवार पांच लोग मिले।उन्होंने पिकअप रोककर अपने आप को हिंदू संगठन से जुड़ा बताया और पिकअप चेक करने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग करने लगे।इसके बाद उन्होंने पिकअप सवार नेत्रपाल और चालक सत्यपाल से 19,200 रुपये नगद और 800 रुपये पेटीएम से ऑनलाइन लेकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।इसके बाद बदमाश कार समेत फरार हो गए थे।

घटना के बाद नेत्रपाल ने पुलिस को मामले की जानकारी दी और तहरीर दी।पुलिस ने नेत्रपाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके 24 घंटे के अंदर हिंदू संगठन के नाम पर लूट की घटना करने वाले सदर कोतवाली के नाहर खां सराय लालपुर के रहने वाले हरिओम मथुरिया पुत्र रामसरन और सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जोशी चौधरी सराय के रहने वाले यश जोशी पुत्र सुभाष चंद्र जोशी को बसेला तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार यश जोशी और हरिओम मथुरिया के पास से पुलिस ने एक मोबाइल फोन 10,200 रुपये और घटना में इस्तेमाल एक कार बरामद की है।पूछताछ में दोनों ने बताया कि उनके साथ तीन साथी इस वारदात में शामिल हैं, जो फरार हैं।उन्होंने बताया कि वह कई दिन से घटना को अंजाम देने की फिराक में थे और कल कामयाब हुए, लेकिन ऑनलाइन पैसे लेने की वजह से पकड़े गए।

पुलिस की कार्रवाई:-

मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 10,200 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल कार बरामद की गई है।पूछताछ में तीन अन्य लोगों के भी घटना में शामिल होने की जानकारी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी बदायूं।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!