बलदेवधाम गुदनी में श्री बालाजी महाराज का भव्य श्रृंगार कर सामूहिक सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।
मुकीम अहमद अंसारी
बिसौली,बदायूं। बिल्सी रोड स्थित बलदेवधाम गुदनी में शनिवार को श्री बालाजी महाराज का भव्य श्रृंगार कर सामूहिक सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। सुबह आठ बजे से शुरू हुए धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बालाजी महाराज के दर्शन किए और सुंदरकांड पाठ में सहभागिता की।
दोपहर 12 बजे से धाम परिसर में सवामनी प्रसादी भंडारे का आयोजन हुआ। बाबा के अनन्य भक्त बिसौलीगंज निवासी प्रदुम्न सिंह की मन्नत पूरी होने पर आयोजित इस विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देर तक जारी रहा। भक्तों ने बालाजी महाराज के जयकारे लगाए, जिससे पूरा धाम भक्तिमय हो उठा। धाम के पीठाधीश्वर श्री ललितेश्वरानंद महाराज ने कहा कि बालाजी महाराज के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना कभी व्यर्थ नहीं जाती। सेवा, श्रद्धा और भक्ति से मनुष्य को आत्मिक शांति मिलती है। मन्नत पूरी होने के बाद भक्त द्वारा भंडारा कराना भगवान के प्रति कृतज्ञता और सेवा भाव का प्रतीक है। भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक प्रसादी वितरित की गई। आयोजन के दौरान धाम परिसर में भक्ति और आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

