सुबह 8:15 बजे जॉइंट मजिस्ट्रेट की दबिश से स्कूलों में हड़कंप, चार शिक्षक मिले गैरहाजिर

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान के छह परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण, एक अनुदेशक और तीन शिक्षामित्रों को शो-कॉज नोटिस

 

सहसवान,बदायूं। तहसील सहसवान में शुक्रवार सुबह उस समय सरकारी स्कूलों में हड़कंप मच गया, जब जॉइंट मजिस्ट्रेट शौर्य अरोड़ा आईएएस ने तड़के ही क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण शुरू कर दिया। अधिकारी के अचानक पहुंचते ही विद्यालयों में व्यवस्थाओं को लेकर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया।

 

जॉइंट मजिस्ट्रेट ने सुबह करीब 8:15 बजे हरदत्तपुर, गढ़ौलिया पट्टी तासौल, रसूलपुर वेला, सिठौलिया पुख्ता, धापड़ और कमनपुर वेला स्थित परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थिति रजिस्टर की जांच में एक अनुदेशक और तीन शिक्षामित्र बिना सूचना के गैरहाजिर मिले। मामले को गंभीरता से लेते हुए जॉइंट मजिस्ट्रेट ने चारों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया।

कक्षा से रसोई तक हुई पड़ताल

 

निरीक्षण के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट ने केवल शिक्षकों की उपस्थिति ही नहीं देखी, बल्कि विद्यालयों की मूलभूत व्यवस्थाओं की भी गहन पड़ताल की। उन्होंने कक्षाओं, रसोईघर, शौचालय, पेयजल व्यवस्था और मिड-डे-मील की गुणवत्ता का जायजा लिया। कई स्थानों पर साफ-सफाई व्यवस्था में खामियां मिलने पर प्रधानाध्यापकों को कड़ी फटकार लगाई गई।

 

उन्होंने मिड-डे-मील को चखकर उसकी गुणवत्ता परखी और रसोईघर में स्वच्छता व्यवस्था की जांच की। शौचालयों और पानी की टंकी की स्थिति भी देखी गई। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और नियमित कीटनाशक छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

लापरवाही पर सख्त संदेश

जॉइंट मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सेहत और शिक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्यालयों में नियमित सफाई, शौचालयों की स्वच्छता और कीटनाशक छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

सुबह-सुबह हुई इस औचक कार्रवाई की खबर फैलते ही क्षेत्र के अन्य परिषदीय विद्यालयों में भी हड़कंप की स्थिति बन गई। निरीक्षण को शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!