सहसवान,बदायूं। सेठ एम. आर. जयपुरिया स्कूल, सहसवान में विद्यार्थियों के दादा-दादी एवं नाना-नानी के सम्मान में ग्रैंडपेरेंट्स डे का आयोजन बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के जीवन में दादा-दादी एवं नाना-नानी के अमूल्य योगदान, संस्कारों और स्नेह के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री नीरज कुमार माहेश्वरी सहित श्रीमती मंजू माहेश्वरी, श्री सुभाष गुप्ता, श्री सुनील माहेश्वरी एवं श्रीमती साधना माहेश्वरी ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती दीपाली मेहरोत्रा की भी विशेष उपस्थिति एवं मार्गदर्शन रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री नीरज कुमार माहेश्वरी ने कहा कि दादा-दादी और नाना-नानी परिवार की अमूल्य धरोहर हैं, जिनसे बच्चों को जीवन के अनुभव, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों की सीख मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने बुजुर्गों का सम्मान करने तथा उनके अनुभवों से सीख लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या श्रीमती दीपाली मेहरोत्रा ने सभी ग्रैंडपेरेंट्स का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में बुजुर्गों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके स्नेह, आशीर्वाद और जीवन-अनुभव बच्चों को संस्कारवान, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी सम्मानित अतिथियों, अभिभावकों एवं ग्रैंडपेरेंट्स का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने बच्चों को अपनी पारिवारिक जड़ों से जुड़ने तथा प्रेम, सम्मान, संवेदना और संस्कार जैसे मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने का सुंदर अवसर प्रदान किया।
समारोह का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। पूरा विद्यालय परिसर प्रेम, सम्मान और पारिवारिक स्नेह की भावनाओं से सराबोर रहा।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

