भालू पर रिसर्च कर रहे वैज्ञानिकों ने कुंभलगढ़ में खोजी दुर्लभ प्रजाति की तितली लाइलक सिल्वरलाइन
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
उदयपुर । दक्षिण राजस्थान में स्लॉथ बियर (भालू) पर शोध कर रहे उदयपुर अंचल के पर्यावरण वैज्ञानिकों ने एक नवीन प्रजाति की तितली की खोज की है। इससे पहले लाइलक सिल्वरलाइन नाम की यह दुर्लभ तितली कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब और भारत के उत्तरी राज्यों और पाकिस्तान के रावलपिंडी में कम संख्या में देखी गई थी। उदयपुर में प्रवासरत इंटरनेशनल क्रेन फाउण्डेशन व नेचर कंजरवेशन फाउण्डेशन के पक्षी विज्ञानी डॉ. केएस गोपीसुंदर ने बताया कि प्रकृति संरक्षण फाउंडेशन की पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ. स्वाति किट्टूर और मोहनलाल सुखाडि़या विश्वविद्यालय के शोधार्थी नाथद्वारा निवासी उत्कर्ष प्रजापति ने दक्षिणी राजस्थान के कुंभलगढ़ अभयारण्य में स्लॉथ बीयर की पारिस्थितिकी पर अपने शोध के दौरान दुर्लभ लाइलक सिल्वरलाइन नामक तितली को खोजा है।
हल्के पीले रंग की इस दुर्लभ तितली को दोनों शोधार्थियों ने गत दिनों अपनी जैव विविधता के लिए समृद्ध कुंभलगढ़ अभयारण्य की एक चट्टान पर सुबह-सुबह धूप सेंकते हुए देखा। डॉ. स्वाति किट्टूर और उत्कर्ष प्रजापति ने तत्काल ही इसे चांदी की तितली की एक अजीब प्रजाति मानकर इसकी कई सारी अच्छी तस्वीरें क्लिक की, जिसे बाद में वेबपोर्टल आईकॉनिस्ट के लिए अपलोड किया गया।
Related Posts

