फर्जी राशन की दुकान का लाइसेंस देकर ठगी करने वाली महिला पर मुकदमा दर्ज
सैफ़ अली संवाददाता थाना हैदरगढ़ की रिपोर्टर
हैदरगढ़, बाराबंकी। प्राइवेट संस्था को सरकारी संस्था बताकर जालसाजी कर फर्जी राशन की दुकान का लाइसेंस देकर ठगी करने वाली महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ कोठी पुलिस ने धोखाधड़ी सहित अन्य गम्भीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करते हुए अग्रिम कार्यवाई शुरू कर दी है। ठगी का शिकार हुए कोठी थाना क्षेत्र के डफरापुर निवासी पीड़ित अनूप कुमार पुत्र राम सरन ने कोठी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दुर्गा बख्श सिंह वूमेन वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्षा सुनीता सिंह अपनी प्राइवेट संस्था को सरकारी संस्था बताकर सस्ते गल्ले की दुकान का लाइसेंस उसे देने के नाम पर उससे डेढ़ लाख की ठगी की। पीड़ित ने आगे बताया कि संस्था की अध्यक्षा सुनीता सिंह पत्नी राज करन सिंह निवासी खमनखेड़ा कोतवाली हैदरगढ़ व शुशील सिंह पुत्र जगदेव सिंह निवासी बड़ेला कोतवाली रामसनेहीघाट द्वारा उसके साथ जालसाजी करते हुए 15 जुलाई 2019 को राशन वितरण हेतु लाइसेंस प्रदान करने के एवज में 1 लाख 15 हजार लिये गए जिसकी रशीद शुशील सिंह द्वारा हस्ताक्षरित करके दी गई। रजिस्ट्रेशन शुल्क की शेष राशि उसने 35 हजार रूपये 24 जुलाई 2019 को फिर दिए। अनूप कुमार ने जिसके बाद राशन वितरण के लिए लाइसेंस व नियुक्ति पत्र देने का दबाव बनाया तो उपरोक्त संस्था की अध्यक्षा द्वारा नियुक्ति पत्र दिया गया। लेकिन इसके पश्चात उसे न राशन दिया गया और न वेतन। बाद में पता चला कि कूटरचित दस्तावेजों के सहारे तैयार किया फर्जी नियुक्त उसे पकड़ा दिया गया है पीड़ित ने कहा उक्त संस्था की अध्यक्षा ने भारत सरकार की संस्था होने की बात कहकर उससे धोखाधड़ी की है। आरोप है अपने पैसे मांगने पर उपरोक्त लोगों द्वारा उसे जान माल की धमकी भी मिली है। शिकायकर्ता की तहरीर पर कोठी पुलिस ने सुनीता सिंह व शुशील सिंह, शिवओम सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। गौरतलब हो कि सस्ते दामों में दाल चीनी देने के नाम पर दुर्गा बख्श सिंह वूमेन वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्षा सुनीता सिंह हजारों लोगों को फर्जी कोटे की दुकान का लाइसेंस देकर करोड़ों की ठगी कर चुकी है। जिसके बाद 26 अगस्त 2019 को हैदरगढ़ पुलिस ने भी धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। बताते चले कि दुर्गा बख्श सिंह वूमेन वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्षा सुनीता सिंह अवसानेश्वर स्थित एक कार्यालय खोलकर हजारों लोगों को कोटे का फर्जी लाइसेंस देकर करोड़ों की ठगी की थी। ठगी का शिकार हुए लोगों के हंगामे व कोतवाली घेराव के बाद तब जाकर किसी तरह मुकदमा दर्ज हो सका था। जिसकी जाँच ईओडब्ल्यू कर रहा है इस सबके के बाद पुलिस ने संस्था के उक्त कार्यालय को भी सीज कर दिया था और बैंक खाते भी सीज किए गए थे। उक्त संस्था द्वारा आसपास के कई जनपदों में भी कोटेदार बनाकर लोगों से ठगी की गई थी। यही नहीं अब उक्त संस्था की अध्यक्षा सुनीता सिंह ने संस्था का नाम बदलकर गोंडा जनपद में ठगी का खेल शुरू कर दिया है जिसकी शिकायत भाकियू मजदूर संगठन के युवा मंडल अध्यक्ष बबलू सिंह ने वहाँ के प्रशासनिक अधिकारियों से कर चुके है। कोठी थानाध्यक्ष शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर धोखाधड़ी सहित अन्य सम्बंधित गम्भीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है आगे की कार्यवाई पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है।
सैफ़ अली संवाददाता थाना हैदरगढ़ की रिपोर्टर

