बहराइच 29 सितम्बर। प्राचार्य महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय बहराइच डा. अनिल के साहनी ने बताया कि मानव शरीर में बनने वाले रक्त का कुछ अंश दान करने से बिना किसी नुकसान के किसी भी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। जिला चिकित्सालय बहराइच अपने जनपद के अतिरिक्त बलरामपुर एवं श्रावस्ती जनपदों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल के मरीजों को भी चिकित्सीय सेवाएं प्रदान करता है। कोविड-19 महामारी को दृष्टिगत रखते हुए एवं जनपद में अत्याधिक थैलेसीमिया के मरीज होने के कारण रक्त की अधिक आवश्यकता होती है। रक्त का विकल्प केवल रक्त ही होता है।
उन्होनें बताया कि इसी क्रम में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2020 तक राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान माह के सफल आयोजन के उद्देश्य से 01 अक्टूबर को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पूर्वान्ह 11ः00 बजे लेक्चर थियेटर-1 महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय बहराइच में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
Related Posts

