उन्नाव हाईवे पर भीषण हादसा, कार चालक समेत दो की मौत

शादाब अली की रिपोर्ट

उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर एआरटीओ कार्यालय के पास तेज रफ्तार कार पैदल जा रहे मजदूर को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराकर खंती में पलट गई। हादसे में मजदूर व कार चला रहे कानपुर के युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मजदूर का शव क्षत-विक्षत हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम के हालात बन गए। पुलिस ने सड़क से शव हटा आवागमन सामान्य कराया।
कानपुर के कल्याणपुर थानाक्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी रजनीश कटियार (35) पुत्र प्रेमचंद्र कानपुर में सीसीटीवी कैमरा लगाने वाली कंपनी में काम करते थे। शुक्रवार को वह कार से लखनऊ गए थे। देरशाम घर लौटने के दौरान लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र के एआरटीओ कार्यालय के पास रफ्तार अधिक होने से कार ने पहले पैदल जा रहे मजदूर को जोरदार टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकराकर खंती में पलट गई। हादसे में कार चला रहे रजनीश व पैदल जा रहे मजदूर आसीवन थाना क्षेत्र के मुंशीखेड़ा मियागंज निवासी रामनरेश (40) पुत्र मन्नी की मौत हो गई।

हादसे के बाद आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर पहुंचे ललऊखेड़ा चौकी प्रभारी विनोद यादव ने चौकी पुलिस बल की मदद से शवों को पोस्टमार्टम भिजवाने के साथ आवागमन शुरू कराया। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लिया गया है। बताया कि जिस जगह हादसा हुआ वहीं पर एक सीमेंट की ईंट बनाने वाली फैक्टरी में मृत मजदूर काम करता था। दोनों मृतकों के पास मिले मोबाइल के आधार पर उनके परिजनों को जानकारी दी गई है।

Don`t copy text!