त्रिलोकपुर बाराबंकी। थाना जहाँगीराबाद परिसर में उप जिलाधिकारी नवाबगंज ने ग्राम प्रधानों के साथ बैठक करके किसानों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल की। किसानों से अपील करते हुए कहा कि वह किसी भी दशा में खेतों में पराली न जलाएं। पराली जलाने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने का प्रावधान है और इसके तहत अब तक कई किसानों के खिलाफ जुर्माना लगाया भी जा चुका है। खेतों में पराली जलाने से प्रदूषण की समस्या उत्पन्न हो रही है तो वहीं भूमि की उर्वराशक्ति कम हो जाती। इससे उपज की पैदावार भी प्रभावित होती है। जुर्माना या दंड दिया जाना केवल समस्या का समाधान नहीं है। इसमें किसानों को जागरूक होकर अन्य लोगों को भी पराली न जलाने के लिए जागरूक किया जाना चाहिए। पराली जलाने वाले किसान सब्सिडी समेत अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते है। किसान अपने पालतू पशुओं को कदापि खुला न छोड़े इससे किसान भाइयों को ही नुकसान होता है। पशुओं को खुला छोड़ना भी गैर कानूनी है। पशुओं को खुला छोड़ने वालों के खिलाफ भी जुर्माना लगाने का प्रावधान है। अब तक कई लोगों के खिलाफ पशुओ को खुला छोड़ने के आरोप में जुर्माना लगाया जा चुका है। किसानों से कहा कि वे अपना पंजीकरण अवश्य करा लें तभी वे सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर पाएंगे। किसानों को नई तकनीक, खाद, बीज एवं दवाइयों के उपयोग की मात्रा एवं वैज्ञानिक खेती के विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है।
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)

