रहस्यमय तरीके से गायब हुईं लड़कियां बरामद, अपने ही बुने जाल में फंसा परिवार

https://www.smnews24.com/?p=18389&preview=true

उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र से गायब दो नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने बरामद कर लिया।

गोण्डा। उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र से गायब दो नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने बरामद कर लिया। पारिवारिक विवाद के चलते लड़कियों ने यह कदम उठाया था, जबकि इस मामले में परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। दूसरी तरफ जानकारी होने के बाद भी परिजनों द्वारा पुलिस को गुमराह करने, षडयंत्र रचकर निर्दोष को फंसाकर अवैध धन उगाही तथा पुलिस को गुमराह करने पर परिवार के कई सदस्यों पर अभियोग पंजीकृत किया गया है।
मामला कटरा बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव का है। विगत 4 अक्टूबर को रहस्यमय तरीके से दो नाबालिग लड़कियों के गायब हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गायब हुई लड़कियों के परिजनों ने प्रकरण में गांव के ही युवक राम अवतार पर अपहरण का मुकदमा पंजीकृत कराया और मुकदमे में दो व्यक्तियों का नाम बढ़ाने के लिए उच्चाधिकारियों के कार्यालय का चक्कर काटने लगे। षडयंत्र में कामयाबी के लिए परिवार के कई सदस्य मुख्यमंत्री से भी मिले। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने कटरा बाजार पुलिस को गहनता से जांच कर मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा। लड़कियों के परिजन उच्चाधिकारियों के समक्ष पेश होकर नाबालिग लड़कियों की बरामदगी की गुहार लगाने लगे। काफी मशक्कतों के बाद पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि गायब हुई दोनों लड़कियां दिल्ली में रह रही हैं और वहां से नेपाल जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।
पुलिस द्वारा गठित टीम की अगुवाई कर रहे उपनिरीक्षक वसी अहमद ने मुखबिर के बताए हुए स्थान सेमरह पहुंचकर दोनों लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया। दोनों लड़कियों के बयान व सीडीआर के मुताबिक आई सच्चाई से सबके होश उड़ गए।
षडयंत्र के तहत गायब की गयीं थीं लड़कियां!
पिता ने अपनी पुत्री को एक थप्पड़ मार दिया था, जिसके चलते दोनों लड़कियां घर से भागकर कटुवा नाला पहुंचीं और अपनी बहन से साठगांठ कर अमृतसर पंजाब पहुंच गईं। उसके बाद किसी जानने वाले के पास दिल्ली पहुंचकर वहीं रहने लगीं। इधर, गायब हुई लड़कियों के परिजन गांव के ही एक युवक के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा पंजीकृत कराकर उसकी गिरफ्तारी की मांग करने लगे। हालांकि पुलिस को शुरूआती जांच से ही किसी षड्यंत्र की जानकारी हो गई थी। इस प्रकरण में मास्टर माइंड दोनों बहनों की बड़ी बहन सुमन व श्याम माली हैं। सुमन ने अपनी दोनों बहनों को गायब कर गांव के ही कई लोगों पर अपहरण सहित दलित उत्पीड़न में फंसाने का षडयंत्र रचा था, ताकि उन लोगों से भारी धन उगाही की जा सके।
अपने ही बुने जाल में फंसे लोग
हालांकि, कटरा बाजार पुलिस ने षडयंत्र का भंडाफोड़ कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। प्रकरण में शामिल राजकला पत्नी रामनेगे, सुमन पुत्री रामनेगे, रानी पुत्री रामनेगे निवासी टेढ़ी भुलभुलिया, सूरजलाल पुत्र रामनेगे, श्याम माली पुत्र रमेश निवासी आदिलपुर थाना हुजूरपुर जनपद बहराइच व शैलेंद्र कुमार पुत्र शिवकुमार गौतम ग्राम भुलभुलिया टेढ़ी के विरुद्ध धारा मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया।
Don`t copy text!